1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. कांग्रेस की अहम बैठक से पहले निजी विदेश यात्रा पर निकले राहुल गांधी
कांग्रेस की अहम बैठक से पहले निजी विदेश यात्रा पर निकले राहुल गांधी

कांग्रेस की अहम बैठक से पहले निजी विदेश यात्रा पर निकले राहुल गांधी

0
Social Share

नई दिल्ली, 12 जुलाई। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी संसद का मानसून सत्र शुरू होने से चंद दिन पहले संक्षिप्त निजी विदेश दौरे पर चले गए हैं। कांग्रेस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राहुल 17 जुलाई को स्वदेश लौटेंगे। संसद का मानसून सत्र 18 जुलाई से शुरू होगा जबकि उसकी समाप्ति छह अगस्त को होगी।

मानसून सत्र के दौरान ही राष्ट्रपति और उप राष्ट्रपति का चुनाव भी होना है

संसद के मानसून सत्र के दौरान ही राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति का चुनाव भी होना है। 18 जुलाई को राष्ट्रपति का चुनाव होना है जबकि छह अगस्त को उप राष्ट्रपति का चुनाव होगा। इस बार भाजपा के नेतृत्व में राजग ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है। कभी भारतीय जनता पार्टी के नेता रह चुके पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा विपक्ष के राष्ट्रपति उम्मीदवार हैं। लेकिन उप राष्ट्रपति पद के लिए अब तक सत्ता पक्ष और विपक्ष में से किसी ने भी अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।

पार्टी की बैठक में कांग्रेस के अगले अध्यक्ष के बारे में होनी है चर्चा

राहुल गांधी कतर एयरलाइंस के विमान से विदेश गए हैं। कांग्रेस पार्टी की ओर से यह नहीं बताया गया कि राहुल गांधी किस देश के दौरे पर गए हैं। हालांकि सूत्रों का कहना है कि वह यूरोप दौरे पर हैं। दिलचस्प तो यह है कि कांग्रेस पार्टी की गुरुवार को एक अहम मीटिंग होनी है, जिसमें पार्टी के अगले अध्यक्ष के बारे में भी चर्चा होनी है। लेकिन इस बैठक में राहुल की अनुपस्थिति रहेगी।

पहले भी कई महत्वपूर्ण मौकों पर विदेश जाते रहे हैं राहुल

इससे पहले भी कई महत्वपूर्ण मौकों पर राहुल विदेश यात्रा पर जाते रहे हैं। एक बार फिर, जब पार्टी की अहम मीटिंग होनी है और तटीय राज्य गोवा में कांग्रेस विधायकों में फूट पड़ी है, तब वह विदेश यात्रा पर निकल गए हैं। राहुल के इस रवैये के कारण उनकी नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठते रहे हैं। कांग्रेस की इस मीटिंग में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की भी चर्चा होने वाली है, जो 2 अक्टूबर से शुरू होगी।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code