1. Home
  2. हिंदी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में बोले राहुल गांधी – भारत में हालात ठीक नहीं, भाजपा ने चारों तरफ केरोसिन छिड़क रखा है
कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में बोले राहुल गांधी – भारत में हालात ठीक नहीं, भाजपा ने चारों तरफ केरोसिन छिड़क रखा है

कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में बोले राहुल गांधी – भारत में हालात ठीक नहीं, भाजपा ने चारों तरफ केरोसिन छिड़क रखा है

0
Social Share

लंदन, 21 मई। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने विदेशी धरती पर जाकर केंद्र सरकार के खिलाफ तीखे प्रहार करते हुए कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ध्रुवीकरण से सत्ता हासिल कर रही है। भारत के हालात ठीक नहीं हैं क्योंकि भाजपा ने चारों तरफ केरोसिन छिड़क रखा है।

राहुल गांधी ने यहां कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में ये टिप्पणियां कीं, जहां वह आइडियाज फॉर इंडिया सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए अन्य विपक्षी नेताओं के साथ आए हुए हैं। सम्मेलन में हिस्सा ले रहे विपक्ष के और नेताओं सीताराम येचुरी, सलमान खुर्शीद, तेजस्वी यादव, महुआ मोइत्रा और मनोज झा भी शामिल हैं।

सम्मेलन के दौरान राहुल गांधी ने शुक्रवार को भाजपा पर जमकर निशाना साधा और कई आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा उनकी आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। ऐसे में वह उससे लड़ाई कर पहले जैसे भारत को हासिल करने की कोशिश में हैं। उन्होंने चीन को लेकर भी भाजपा को घेरा है और यह भी कहा कि भारत में देश निर्माण वाले संस्थानों पर भी हमला हो रहा है।

भाजपा लोगों की आवाज दबाती है, कांग्रेस लोगों की आवाज सुनती है

कांग्रेस नेता राहुल ने भापजा पर हमला करते हुए कहा कि देश में भाजपा लोगों की आवाज को दबाती है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस लोगों की आवाज को सुनती है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में देश निर्माण वाले संस्थानों पर हमला हो रहा है, जिस पर अब डीप स्टेट का कब्जा है।

अंदरूनी कलह, बगावत व दल-बदल व चुनावों में हार से जूझ रही है कांग्रेस

हालांकि राहुल गांधी ने यह भी माना कि कांग्रेस अंदरूनी कलह, बगावत, दल-बदल और चुनावों में हार से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि वह पुराने भारत को फिर से हासिल करने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। राहुल ने इस लड़ाई को एक राष्ट्रीय वैचारिक लड़ाई बताया है।

भारत में भाजपा के ध्रुवीकरण के खिलाफ हमारे साथ पूरा विपक्ष लड़ रहा

राहुल गांधी ने भाजपा पर ध्रुवीकरण से सत्ता हासिल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की सरकार में रोजगार कम है, फिर भी वह ध्रुवीकरण के कारण सत्ता को हासिल किए हुए है। भारत में हालात ठीक नहीं है, भाजपा ने चारों तरफ केरोसिन छिड़क रखा है।

भारत में मानवाधिकारों के उल्लंघन की घटनाओं को लेकर अमेरिका द्वारा उठाए गए सवालों के बारे में पूछे जाने पर राहुल ने कहा, ‘भारत में ध्रुवीकरण है और हम पोलराइजेशन से लड़ रहे हैं। हमारे साथ पूरा विपक्ष भाजपा से यही लड़ाई लड़ रहा है।’

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code