1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. राहुल गांधी बोले- ‘पीएम मोदी को नरवणे की बुक भेंट करूंगा’, सरकार कह रही..किताब है ही नहीं
राहुल गांधी बोले- ‘पीएम मोदी को नरवणे की बुक भेंट करूंगा’, सरकार कह रही..किताब है ही नहीं

राहुल गांधी बोले- ‘पीएम मोदी को नरवणे की बुक भेंट करूंगा’, सरकार कह रही..किताब है ही नहीं

0
Social Share

नई दिल्ली, 4 फरवरी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पूर्व सेना प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे की एक पुस्तक को लेकर मोदी सरकार पर हमलावर हैं। कांग्रेस सांसद ने बुधवार को जनरल नरवणे की पुस्तक का हवाला देते हुए यह दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2020 में भारत-चीन संघर्ष के दौरान तत्कालीन सेना प्रमुख को यह संदेश दिया था कि ‘जो उचित समझो, वो करो’।

दिलचस्प यह है कि जिस पुस्तक के बारे में केंद्र सरकार कह रही है कि उसका प्रकाशन हुआ ही नहीं, उसी पुस्तक के संदर्भ में राहुल गांधी ने कहा, ‘प्रधानमंत्री यदि लोकसभा में आए तो मैं उन्हें पूर्व सेना प्रमुख नरवणे की किताब भेंट करूंगा। मुझे नहीं लगता कि प्रधानमंत्री आज लोकसभा आने की हिम्मत करेंगे। यदि प्रधानमंत्री आते हैं तो मैं स्वयं जाकर उन्हें यह किताब दूंगा ताकि वे इसे पढ़ सकें और देश को सच्चाई का पता चल सके।’

यह पूछे जाने पर कि यह किताब कहां से मिली और क्या जन सामान्य को भी पुस्तक (Four stars of destiny) मिल सकती है, राहुल गांधी बोले – ‘You can imagine where the book came from’.. इसका मतलब है कि ‘आप अंदाजा लगा सकते हैं कि यह किताब कहां से आई होगी।’

राहुल गांधी ने बताया कि किताब में क्या लिखा है

कांग्रेस नेता ने पत्रकारों से बातचीत में कहा – “सरकार कह रही है कि किताब है ही नहीं। स्पीकर ने कहा कि किताब नहीं है…. देश के हर युवा को देखना चाहिए कि किताब है। ये नरवणे जी की किताब है, जिसमें उन्होंने पूरा लिखा है… मुख्य बात वही है जो पीएम ने कहा – ‘जो उचित समझो वो करो’।”

बकौल राहुल गांधी, ‘जब (पूर्व) आर्मी चीफ जनरल नरवणे ने राजनाथ सिंह जी को फोन किया और कहा कि चीनी टैंक कैलाश रिज तक पहुंच गए हैं, तो हमें क्या करना चाहिए? पहले राजनाथ सिंह ने उन्हें कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने जयशंकर जी, NSA और राजनाथ सिंह से पूछा, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। फिर उन्होंने एक बार फिर राजनाथ सिंह को फोन किया। राजनाथ सिंह ने उनसे कहा कि वह ‘टॉप’ से पूछेंगे। ‘टॉप’ का स्टैंडिंग ऑर्डर था कि अगर चीनी सेना आती है, तो हमें बिना इजाजत के उन पर गोली नहीं चलानी चाहिए।’

राहुल गांधी आगे बताते हैं, ‘नरवणे जी और हमारी सेना उन टैंकों पर गोली चलाना चाहती थी क्योंकि वे हमारे इलाके में घुस गए थे। नरेंद्र मोदी जी ने मैसेज दिया कि ‘जो उचित समझो वो करो’। इसका मतलब है कि नरेंद्र मोदी ने अपनी ड्यूटी पूरी नहीं की। उन्होंने आर्मी चीफ से कहा कि जो मन करे वो करो क्योंकि ‘यह मेरे बस की बात नहीं है।’ नरवणे जी किताब में लिखते हैं कि मुझे सच में बहुत अकेला महसूस हुआ, पूरे सिस्टम ने मुझे छोड़ दिया था।’

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code