नई दिल्ली, 19 जून। कांग्रेस सासंद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर कांग्रेस कई कार्यक्रम आयोजित कर रही है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल कांधी को उनके जन्मदिन के मौके पर शुक्रवार को शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ एवं लंबी उम्र की कामना की। वहीं, मल्लिकार्जुन खरगे समेत कांग्रेस के नेताओं ने राहुल गांधी के राजनीतिक संघर्ष, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता और जनता से जुड़ाव को रेखांकित करते हुए उन्हें बधाई दी।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर राहुल गांधी को शुभकामनाएं देते हुए लिखा, “लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी जी को उनके जन्मदिन पर बहुत-बहुत शुभकामनाएँ। उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूँ।” राजनीतिक मतभेदों के बावजूद प्रधानमंत्री की ओर से दिया गया यह संदेश चर्चा का विषय बना हुआ है।
- खरगे ने राहुल गांधी को दी जन्मदिन की बधाई
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा- संविधान के आदर्शों के प्रति आपकी अटूट निष्ठा और अनसुनी आवाजों के लिए आपकी बेबाक लड़ाई ने लाखों लोगों को प्रेरित किया है। कांग्रेस पार्टी की सबको साथ लेकर चलने की परंपरा, सामाजिक न्याय, सद्भाव और करुणा की भावना आपके सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व में झलकती है। लोगों के साथ लगातार जुड़ाव और सत्ता के सामने सच बोलने के आपके साहस के ज़रिए, आपने हमेशा सबसे कमज़ोर और हाशिए पर रहने वाले लोगों के हितों की वकालत की है। ईश्वर आपको अच्छा स्वास्थ्य, खुशी, शक्ति और देश की सेवा में लंबी उम्र प्रदान करे।
- अशोक गहलोत ने दी जन्मदिन की बधाई
राजस्थान के पूर्व सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा- युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों के लिए अथक संघर्ष करने वाले राहुल जी पूरे देश में उन लोगों की सशक्त आवाज बन गए हैं, जिनकी बात पहले सुनी नहीं जाती थी। संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक सिद्धांतों की रक्षा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता लाखों लोगों को प्रेरित करती रहती है। मैं आपके दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और देश की सेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए निरंतर शक्ति की कामना करता हूं।
- सेंट कोलंबस और फिर दून स्कूल में पढ़ें राहुल
उत्तर प्रदेश के रायबरेली से सांसद राहुल गांधी का जन्म 19 जून 1970 को हुआ था। वह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के पुत्र हैं। उन्होंने अपना शुरुआती जीवन नई दिल्ली में बिताया। सेंट कोलंबस स्कूल और बाद में दून स्कूल में पढ़ाई करने के दौरान ही उनका परिवार राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में आ गया। 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद सुरक्षा कारणों से राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा की कुछ समय तक घर पर पढ़ाई भी हुई।

