1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. उत्तराखंड : पुष्कर सिंह धामी की दूसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में ताजपोशी, सतपाल महाराज सहित 8 मंत्रियों ने भी ली शपथ
उत्तराखंड : पुष्कर सिंह धामी की दूसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में ताजपोशी, सतपाल महाराज सहित 8 मंत्रियों ने भी ली शपथ

उत्तराखंड : पुष्कर सिंह धामी की दूसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में ताजपोशी, सतपाल महाराज सहित 8 मंत्रियों ने भी ली शपथ

0
Social Share

देहरादून, 23 मार्च। उत्तराखंड में खुद हारने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जीत दिलाने वाले पुष्कर सिंह पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को यहां लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण कर लिया। परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) ​गुरमीत सिंह ने धामी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

पीएम मोदी सहित कई राज्यों के सीएम भी रहे मौजूद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई केंद्रीय मंत्री और राज्यों के मुख्यमंत्री इस शपथ ग्रहण समारोह के साक्षी बने। पीएम मोदी के अलावा समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडडा सहित कई अन्य केंद्रीय नेताओं के अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी रही।

सीएम समेत अधिकतम 12 सदस्य कैबिनेट में हो सकते हैं शामिल

सीएम धामी के साथ कुल आठ विधायकों – सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल, रेखा आर्य, चंदन राम दास, सौरभ बहुगुणा, प्रेमचंद अग्रवाल, गणेश जोशी व धन सिंह रावत ने भी उत्तराखंड कैबिनेट में मंत्री पद की शपथ ली। मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 12 सदस्य हो सकते हैं।

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव भाजपा 70 में से 47 सीटों पर जीत हासिल कर दो तिहाई बहुमत के साथ लगातार दूसरी बार सत्ता में आई। हालांकि ‘उत्तराखंड फिर मांगे, मोदी-धामी की सरकार’ के नारे के साथ विधानसभा चुनाव लड़ने वाली भाजपा की अगुवाई करने वाले धामी स्वयं अपनी परंपरागत खटीमा सीट से हार गए थे। इस कारण नेतृत्व को मुख्यमंत्री के नाम पर नए सिरे से मंथन करना पड़ा, जिसमें लगभग 11 दिन का वक्त लग गया।

धामी ने किए हैं समान नागरिक संहिता लागू करने सहित कई वादे

पुष्कर सिंह धामी ने कहा था कि वह एक पारदर्शी शासन देंगे और समान नागरिक संहिता सहित भाजपा द्वारा विधानसभा चुनाव से पहले किए गए सभी संकल्प पूरे करेंगे। उन्होंने समान नागरिक संहिता के लिए एक उच्चाधिकार समिति बनाने का वादा किया था।

धामी ने कहा था कि दोबारा सत्ता में आने पर शपथ ग्रहण के तुरंत बाद न्यायविदों, कानून विशेषज्ञों और समाज के प्रबुद्ध वर्ग के लोगों सहित अन्य हितधारकों की एक समिति का गठन किया जाएगा, जो प्रदेश के सभी नागरिकों के लिए एक समान नागरिक संहिता का मसौदा तैयार करेगी।

वर्ष 2025 में उत्तराखंड अपने अस्तित्व की रजत जयंती मनाएगा

वर्ष 2025 में उत्तराखंड 25 साल का होगा और अपने अस्तित्व की रजत जयंती मनाएगा। धामी ने कहा कि उत्तराखंडवासियों के सहयोग से वह प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाएंगे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की कोशिश प्रदेश के अंतिम छोर तक रहने वाले व्यक्ति तक शासन और सुविधाएं पहुंचाने की रहेगी।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code