पंजाब : सीएम भगवंत मान की तबीयत बिगड़ी, फोर्टिस अस्पताल में भर्ती
चंडीगढ़, 5 सितम्बर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत बिगड़ गई है, जिसके बाद उन्हें मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिछले दो दिनों से उनकी तबीयत खराब बताई जा रही थी और सेहत में कोई खास सुधार न होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
सीएम मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर मान भी उनके साथ थीं। डॉक्टरों ने उन्हें इलाज के लिए आइसोलेशन आईसीयू में रखा है। मुख्यमंत्री की सेहत बिगड़ने की खबर से प्रशासन और जनता, दोनों में चिंता का माहौल है।
दिल की धड़कन धीमी होने के बाद भर्ती किया गया, अब स्थिति स्थिर
फोर्टिस अस्पताल की ओर से जारी बयान में बताया गया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को थकान और दिल की धड़कन धीमी होने की समस्या के बाद भर्ती किया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उनकी नाड़ी की जांच की और फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई है। बयान में कहा गया कि मान की नाड़ी अब सामान्य हो रही है और वह निगरानी में हैं। मेडिकल टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर रख रही है।
शनिवार को प्रस्तावित कैबिनेट बैठक रद
इस बीच शनिवार को प्रस्तावित कैबिनेट बैठक रद कर दी गई है, लेकिन इसकी वजह पर आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई। बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य खराब होने की वजह से मुख्यमंत्री भगवंत मान गुरुवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर भी अरविंद केजरीवाल के साथ नहीं जा पाए। पंजाब इस वक्त बाढ़ की मार झेल रहा है और सीएम मान हाल के दिनों में लगातार प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने बाढ़ प्रभावित कई इलाकों का दौरा भी किया।
