कुलदीप सेंगर की रिहाई के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट के बाहर प्रदर्शन, रेप पीड़िता की मां बोलीं – दोषी को फांसी हो
नई दिल्ली, 26 दिसम्बर। दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा उन्नाव रेप केस के दोषी पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को सशर्त जमानत देने के फैसले के खिलाफ शुक्रवार को कोर्ट परिसर के बाहर लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने फैसले की कड़ी निंदा की और न्याय की मांग की। इस बीच पीड़िता की मां ने हाई कोर्ट के फैसले पर गहरा दुख जताया और सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कही।
‘सुप्रीम कोर्ट में भी न्याय नहीं मिला तो हम दूसरे देश चले जाएंगे’
पीड़िता की मां ने कहा, ‘सेंगर की जमानत रद होनी चाहिए, हम सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे खटखटाएंगे। हाई कोर्ट से हमारा विश्वास उठ गया है, अगर सुप्रीम कोर्ट में भी न्याय नहीं मिला तो हम दूसरे देश चले जाएंगे, मेरे पति की हत्या करने वाले को तुरंत फांसी दी जानी चाहिए।’
वहीं कांग्रेस नेता मुमताज पटेल ने हाई कोर्ट के फैसले को बड़ा झटका बताया। उन्होंने कहा, ‘यह बहुत बड़ा झटका है, जिस तरह हाई कोर्ट ने तकनीकी आधार पर सेंगर को खुली छूट दे दी। इससे देश में बहुत गलत मिसाल कायम हो रही है, इससे न केवल पीड़िता परिवार का बल्कि पूरे देश की महिलाओं का विश्वास टूटा होगा।’
महिला अधिकार कार्यकर्ता योगिता भयाना ने कहा, ‘आज हम शांतिपूर्वक हाई कोर्ट आए हैं ताकि हमारी बेटी के साथ हुई नाइंसाफी को वापस लिया जाए और हमारी याचिका पर सुनवाई हो। अगर न्याय नहीं मिला तो हम प्रदर्शन करेंगे, यह हमारा अधिकार है..।’ प्रदर्शनकारियों ने हाई कोर्ट से अपील की कि सेंगर की जमानत रद की जाए।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2017 के उन्नाव रेप केस में सेंगर को दोषी ठहराया गया था। हाई कोर्ट ने हाल ही में उन्हें कुछ शर्तों के साथ जमानत दे दी, जिसके बाद पीड़िता पक्ष और महिला संगठनों में आक्रोश फैल गया। मामले में पीड़िता पक्ष सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी कर रहा है। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन लोगों में न्याय नहीं मिलने की गहरी चिंता दिखी।
