1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. प्रियंका ने कहा – वोट की ताकत से अधिकार और सुरक्षा पा सकती है आधी आबादी
प्रियंका ने कहा – वोट की ताकत से अधिकार और सुरक्षा पा सकती है आधी आबादी

प्रियंका ने कहा – वोट की ताकत से अधिकार और सुरक्षा पा सकती है आधी आबादी

0
Social Share

रायबरेली, 19 दिसंबर। विधानसभा चुनाव में अपने गढ़ को सुरक्षित करने के लिए कांग्रेस पूरी ताकत लगा रही है। यही कारण है कि तीन माह के भीतर दूसरी बार कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपनी मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली का दौरा किया। रविवार को ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ कार्यक्रम के तहत प्रियंका ने महिला वोट बैंक पर पकड़ बनाने के लिए महिलाओं से सीधा संवाद किया।

प्रियंका ने साफ तौर पर कहा कि महिलाएं आधी आबादी का दर्जा रखती हैं ऐसे में अपने अधिकार को हासिल करने और सुरक्षा पाने के लिए सोच समझ कर वोट देना होगा। उन्होंने कहा, ‘मैंने एक नारा और घोषणा पत्र जारी कर दिया है, उसका नतीजा है कि अन्य दल भी महिलाओं के हक और अधिकार की बात करने लगे हैं।’

रिफॉर्म क्लब में शक्ति संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘दो 2 साल पहले मुझे कांग्रेस महासचिव और प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी मिली, उसके बाद से प्रदेश का दौरा कर रही हूं। एक बात देखने को मिल रही है महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं।’

उन्होंने उन्नाव में युवती की दुष्कर्म के बाद जलाकर मार डालने, हाथरस कांड का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। लखीमपुर में किसानों की मौत पर कहा कि जब मैं किसानों के परिवार से मिलने गई तो पता लगा कि घर की महिलाओं के सामने रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

उन्होंने कहा, ‘जब सीतापुर में मुझे गिरफ्तार किया गया तो भोर में 4 बजे महिला पुलिस कर्मी पूजा और मधु डयूटी करते मिली। बातचीत हुई तो पता लगा कि उनका भी शोषण हो रहा है।’ उन्होंने कहा कि परिवर्तन लाना है तो एकजुट होना होगा। वोट उसी को दो, जो महिला सशक्तिकरण का काम करे। शौचालय बनवाना और गैस सिलेंडर देना सशक्तिकरण नहीं है।

अपनी बातों के माध्यम से उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा, “मैंने ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ का नारा क्या दिया, हर पार्टी महिलाओं की हितैषी बन गई है। प्रधानमंत्री खुद दो दिन बाद एक सभा करने जा रहे हैं, जिसमें महिलाओं से सीधा संवाद करेंगे।” उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए कांग्रेस पूरी तरह से राजनीतिक स्तर पर भूमिका निभाएगी। एक साथ परिवर्तन लाना होगा।

शक्ति विधान पर दी जानकारी

प्रियंका वाड्रा ने कांग्रेस के शक्ति विधान पर जानकारी देते हुए कहा कि महिलाएं घर जाकर जरूर पढ़ें। यह हर महिला के विकास का एजेंडा है।

चुरुआ मंदिर में की पूजा अर्चना

रायबरेली का सियासी पारा तीन दिन से गर्म चल रहा है। पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव विजय रथ लेकर आए तो रविवार को अमेठी में कांग्रेस की हवा बनाने के बाद कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा रायबरेली पहुंची। कार्यकर्ताओं के हुजूम को देख प्रियंका भी गदगद दिखी।

अपने कार्यक्रम से दो घंटा देरी से प्रियंका वाड्रा रायबरेली पहुंची। सबसे पहले चुरुआ सीमा पर हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना कर माथा टेका। इसके बाद कुछ महिलाओं ने अपनी समस्याओं की चिट प्रियंका गांधी को दी। जिस पर उन्होंने बात भी की। इस दौरान उनका कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code