प्रियंका गांधी भी पहुंचीं लोकसभा, राजनीतिक करिअर के पहले चुनाव में दर्ज की धमाकेदार जीत

नई दिल्ली, 23 नवम्बर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अपने राजनीतिक करिअर के पहले चुनाव में धमाकेदार जीत के साथ ही लोकसभा में उपस्थिति दर्ज करा दी है। उन्होंने केरल की वायनाड संसदीय सीट पर हुए उपचुनाव में सीपीआई के सत्यन मोकेरी को चार लाख 10 हजार से अधिक वोटों के अंतर से हराया।

वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनाव का परिणाम

दरअसल, राहुल गांधी ने 2019 में वायनाड सीट पर 4,31,770 वोट और 2024 में 3,64,422 वोट के अंतर से जीत दर्ज की थी। उन्होंने 2024 के आम चुनाव में वायनाड और रायबरेली दोनों सीटों पर जीत दर्ज की थी। लेकिन बाद में राहुल ने वायनाड सीट खाली कर दी थी क्योंकि उन्होंने रायबरेली से सांसद बने रहने का फैसला किया था।

संसद पहुंचने वाली गांधी परिवार की 10वीं सदस्य हैं प्रियंका

गौर करने वाली बात यह है कि प्रियंका गांधी इस शानदार सफलता के साथ ही गांधी परिवार की 10वीं सदस्य बन गई हैं, जो संसद की शोभा बढ़ाएंगी। मौजूदा समय प्रियंका के भाई राहुल गांधी जहां लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं वहीं मां सोनिया गांधी राज्यसभा सदस्य हैं। इन तीन नेताओं के साथ गांधी परिवार के अन्य दिग्गजों पर नजर डालें तो जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, फिरोज गांधी, संजय गांधी, राजीव गांधी, मेनका गांधी व वरुण गांधी भी संसद की शोभा बढ़ा चुके हैं।

प्रियंका गांधी अब अपनी राजनीति देश के दक्षिणी हिस्से से शुरू करेंगी। वह अपनी दादी और देश की पूर्व पीएम इंदिरा गांधी, मां सोनिया गांधी और चाची मेनका गांधी के बाद चौथी महिला सदस्य हैं, जो लोकसभा सांसद चुनी गई हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular