रायपुर, 22 अक्टूबर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को यहां लोकभवन के छत्तीसगढ़ मण्डपम में पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय उपस्थित रहे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लोक भवन, रायपुर, छत्तीसगढ़ में आयोजित एक समारोह में शदाणी दरबार की पंचम पीठाधीश पूज्य माता हासी देवी जी की 200वीं जयंती के उपलक्ष में ₹200 के स्मारक सिक्के का अनावरण किया। पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में स्मारक सिक्के का अनावरण उनके आध्यात्मिक एवं सामाजिक योगदान को सम्मान प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
— President of India (@rashtrapatibhvn) October 22, 2026
पूज्य शदाणी दरबार रायपुर की 5वीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा यह 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया गया है। केंद्र सरकार द्वारा जारी इस विशेष सिक्के पर पूज्य माता हासी देवी जी की छवि अंकित है। सिक्के के एक ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है। इस स्मारक सिक्के के माध्यम से उनके जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
सिक्के का अनावरण होने के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्राहक इसे शदाणी दरबार की अलग-अलग इकाइयों के माध्यम से बुक कर सकेंगे। सिंधी विभूति के सम्मान में स्मारक सिक्का जारी होना समाज के लिए ऐतिहासिक मौका है। यह देश-विदेश में रहने वाले करोड़ों सिंधी लोगों के लिए गर्व का विषय है।
पूज्य शदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी ने कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन दिया। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना सहित वरिष्ठ अधिकारी, पूज्य शदाणी दरबार के सदस्य सहित देशभर से आए हुए जनप्रतिनिधि और सिंधी समाज के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का रायपुर आगमन पर स्वागत किया। https://t.co/6X5GUQjZDY
— President of India (@rashtrapatibhvn) October 22, 2026
इस कार्यक्रम में शामिल होने से पहले छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का रायपुर पहुंचने पर स्वागत किया।


