राष्ट्रपति मुर्मु ने की उपलब्धियों की सराहना, बोलीं- पीएम मोदी का कार्यकाल जनता के विश्वास का प्रतीक
नई दिल्ली, 10 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और दिल्ली के उप राज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने उन्हें बधाई दी। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री के नेतृत्व और उनके कार्यकाल की उपलब्धियों की सराहना की। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना भी की।
आर्थिक मजबूती और सामाजिक परिवर्तन के क्षेत्र में दूरगामी प्रगति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सबसे लंबे समय तक देश की सेवा करने का अवसर मिला है, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक अवसर भारत की जनता द्वारा उन पर जताए गए विश्वास का प्रमाण है। प्रधानमंत्री के कार्यकाल में आर्थिक मजबूती और सामाजिक परिवर्तन के क्षेत्र में दूरगामी प्रगति हुई है। उनके नेतृत्व में शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं ने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया है कि लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, जो ‘अंत्योदय’ के सिद्धांतों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
Heartiest congratulations to Prime Minister Shri Narendra Modi ji on the unique honour of serving as the longest continuously elected Prime Minister of the nation. This landmark occasion stands as a testament to the enduring trust and confidence reposed in your leadership by the…
— President of India (@rashtrapatibhvn) June 10, 2026
जनजातीय कल्याण योजनाओं का किया उल्लेख
राष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में शुरू किए गए प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान (पीएम-जनमन) और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान उनके दिल के बहुत करीब हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणादायक यात्रा भारत की मजबूत लोकतांत्रिक परंपराओं में आशा और नए आत्मविश्वास का संचार करती है। राष्ट्रपति ने उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करते हुए कहा कि वे देश को ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘विकसित भारत’ के विजन की दिशा में आगे बढ़ाते रहें।
एलजी संधू ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लंबे कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह कार्यकाल एक ऐतिहासिक उपलब्धि है और यह उनके अटूट समर्पण, दूरदर्शी नेतृत्व तथा देशवासियों के लगातार मिले जनादेश का प्रमाण है। संधू ने कहा कि यह उपलब्धि भारत की जनता द्वारा प्रधानमंत्री पर जताए गए गहरे और स्थायी विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में भारत प्रगति, समावेशी विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
ये भी पढ़ें : पीएम पद पर लगातार सबसे लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड बनाने के बाद बोले नरेंद्र मोदी- जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी
पीएम मोदी के ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर केंद्रीय मंत्रियों ने दी बधाई, कहा- विकास को मिली नई दिशा
सबसे लंबे कार्यकाल पर बोले सीएम योगी- ‘नेतृत्व नहीं, एक युग की चेतना हैं पीएम मोदी’
