Homeहिन्दीराष्ट्रीयजम्मू-कश्मीर : राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वैष्‍णो देवी भवन पर स्काइवॉक और...

जम्मू-कश्मीर : राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वैष्‍णो देवी भवन पर स्काइवॉक और पार्वती भवन का किया उद्घाटन

जम्मू, 12 अक्टूबर। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को जम्‍मू कश्‍मीर के रियासी जिले की त्रिकुटा पहाडियों में वैष्‍णो देवी भवन पर दो महत्‍वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन किया। श्रीमती मुर्मू ने वैष्णो देवी भवन जा कर पूजा-अर्चना भी की।

स्काइवॉक से श्रद्धालुओं को भवन तक पहुंचने में काफी सुविधा होगी

राष्‍ट्रपति मुर्मू ने भवन पर बनाए गए स्काइवॉक और पार्वती भवन का उद्घाटन किया। स्काइवॉक से श्रद्धालुओं को भवन तक पहुंचने में काफी सुविधा होगी। भवन तक जाने और आने के रूट अलग-अलग होने से किसी तरह की दुर्घटना की संभावना भी नहीं रहेगी। इस स्काइवॉक को बनाने का प्रस्ताव 31 दिसम्बर, 2021 को हुई एक दुर्घटना के बाद किया गया था। यह स्काइवॉक अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है।

पार्वती भवन में श्रद्धालुओं के लिए 1500 लॉकरों की सुविधा

राष्ट्रपति ने पार्वती भवन का भी उद्घाटन किया। इस भवन में 1500 लॉकर हैं। श्रद्धालु लॉकर में अपना सामान रखकर निश्चिंत होकर दर्शन कर सकते हैं। इसके पूर्व राष्ट्रपति और उप राज्यपाल मनोज सिन्हा वैष्णो देवी भवन के निकट वीआईपी हैलीपैड पर उतरे, जहां माता वैष्‍णो देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंशुल गर्ग ने उनका स्वागत किया।

राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने दौरे के पहले दिन बुधवार को कश्मीर विश्वविद्यालय के 20वें दीक्षांत समारोह को संबोधित किया और छात्रों को डिग्री तथा पदक प्रदान किए। उन्होंने श्रीनगर में सेना की 15वीं कोर के मुख्यालय जाकर युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि भी दी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments