1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. पीएम मोदी के खिलाफ दिल्ली में लगाए गए पोस्टर, पुलिस ने 100 मामले दर्ज किए, 6 लोग गिरफ्तार
पीएम मोदी के खिलाफ दिल्ली में लगाए गए पोस्टर, पुलिस ने 100 मामले दर्ज किए, 6 लोग गिरफ्तार

पीएम मोदी के खिलाफ दिल्ली में लगाए गए पोस्टर, पुलिस ने 100 मामले दर्ज किए, 6 लोग गिरफ्तार

0

नई दिल्ली, 22 मार्च। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर हजारों पोस्टर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में लगाए गए हैं। इस मामले पर पुलिस काररवाई करते हुए 100 मामले दर्ज किए हैं और छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों में से दो के पास प्रिंटिंग प्रेस हैं। पुलिस ने दिल्ली में कई जगहों से लगभग दो हजार पोस्टर हटाए। इनमें अधिकातर पोस्टरों में ‘मोदी हटाओ, देश बचाओ’ का नारा था।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने कहा कि गिरफ्तारियां सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और उस कानून के तहत की गई हैं, जिसमें पोस्टरों पर प्रिंटिंग प्रेस का नाम होना जरूरी है। वैसे तो राजनीतिक दल एक दूसरे के खिलाफ पोस्टर लगाते रहे हैं, लेकिन नियमानुसार पोस्टर छापने और लगवाने वाले का नाम सार्वजनिक करना आवश्यक होता है। इस नियम का पालन नहीं किया गया है।

इसी क्रम में करीब दो हजार पोस्टर, जो कथित तौर पर आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यालय में पहुंचाए जा रहे थे, पुलिस ने जब्त कर लिए। मध्य दिल्ली के आईपी एस्टेट इलाके में जब पुलिस ने एक वैन को रोका तो उसमें ये पोस्टर मिले। चालक ने पुलिस को बताया कि उसे पोस्टरों को आप मुख्यालय पहुंचाने का निर्देश दिया गया था। उसने सोमवार को भी ऐसी ही एक खेप की डेलिवरी की थी।

‘आप ने कहा – मोदी सरकार की तानाशाही चरम पर है

फिलहाल पुलिस के ताबड़तोड़ एक्शन के बाद ‘आप’ ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से भी इस पोस्टर को साझा किया है। पुलिस की काररवाई को मोदी सरकार की तानाशाही बताते हुए कहा गया है कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है।

‘आप’ ने कहा, “मोदी सरकार की तानाशाही चरम पर है। इस पोस्टर में ऐसा क्या आपत्तिजनक है, जो इसे लगाने पर मोदी जी ने 100 F.I.R. कर दी? पीएम मोदी, आपको शायद पता नहीं पर भारत एक लोकतांत्रिक देश है। एक पोस्टर से इतना डर! क्यों?”

‘आप’ के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी पोस्टर को साझा करते हुए लिखा, ‘मोदी सरकार तानाशाही के चरम पर है। ये वो पोस्टर है, जिस पर 100 FIR हो गई। हद हो गई।’ पार्टी ने गुरुवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का भी फैसला किया है। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी इसमें शामिल होंगे।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code