![पीएम मोदी का विरोधियों को जवाब – ‘तीसरे कार्यकाल में देश नए फैसलों का अध्याय लिखेगा..ये मोदी की गारंटी है’](https://revoi-hindi.s3.ap-south-1.amazonaws.com/wp-content/uploads/2024/06/04231349/%E0%A4%AA%E0%A5%80%E0%A4%8F%E0%A4%AE-%E0%A4%AE%E0%A5%8B%E0%A4%A6%E0%A5%80-1.jpg)
पीएम मोदी का विरोधियों को जवाब – ‘तीसरे कार्यकाल में देश नए फैसलों का अध्याय लिखेगा..ये मोदी की गारंटी है’
नई दिल्ली, 4 जून। इसमें कोई शक नहीं कि सत्तारूढ़ भाजपा की अगुआई वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) खुद की उम्मीदों के अनुरूप परिणाम नहीं निकाल सका और भाजपा खुद पूर्ण बहुमत के आंकड़े से दूर रह गई। हालांकि टीडीपी व जदयू सहित अन्य सहयोगी दलों की मदद से भाजपा गठबंधन बहुमत आंकड़ा पार करते हुए लगभग 300 सीटें जीतकर लगातार तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाने की तैयारी में जुट गई है।
अपडेट चुनाव परिणाम देखने के लिए यहां क्लिक करें
इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार की शाम यहां भाजपा मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा के कार्यकर्ताओं व देश की जनता के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करने के साथ अपने विरोधियों को भी करार जवाब दिया और कहा कि तीसरे कार्यकाल में देश नए फैसलों का अध्याय लिखेगा..ये मोदी की गारंटी है।’
1962 के बाद पहली बार कोई सरकार तीसरी बार आई
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, ‘आपके इस प्यार, इस आशीर्वाद के लिए मैं सभी देशवासियों का ऋणी हूं। इस पावन दिन NDA की लगातार तीसरी बार सरकार बननी तय है। हम सभी जनता जनार्धन के बहुत आभारी हैं। देश में भाजपा पर, NDA पर पूर्ण विश्वास जताया है। आज की ये विजय दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की जीत है। ये भारत के संविधान पर अटूट निष्ठा की जीत है।’
उन्होंने कहा, ‘चुनाव के इस जनादेश के कई पहलू हैं। 1962 के बाद पहली बार कोई सरकार अपने दो कार्यकाल पूरे करने के बाद तीसरी बार आई है। राज्यों में जहां भी विधानसभा चुनाव हुए, वहां NDA को भव्य विजय मिली है। चाहे अरुणाचल प्रदेश हो, ओडिशा हो, आंध्र प्रदेश हो या फिर सिक्किम, इन राज्यों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है।’
पहली बार होगा महाप्रभु जगन्नाथ की धरती पर भाजपा का मुख्यमंत्री
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘भाजपा ओडिशा में सरकार बनाने जा रही है और लोकसभा चुनाव में भी ओडिशा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। यह पहली बार होगा, जब महाप्रभु जगन्नाथ की धरती पर भाजपा का मुख्यमंत्री होगा। भाजपा ने केरल में भी एक सीट जीती है, हमारे केरल के कार्यकर्ताओं ने बहुत बलिदान दिए हैं। कई पीढ़ियों से वे संघर्ष करते रहे और पीढ़ियों से जिस पल का इंतजार किया, वह आज आ गया है। तेलंगाना में हमारी संख्या दो गुना हो गई है। मध्य प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल ऐसे कई राज्य में हमारी पार्टी ने क्लीन स्वीप किया है। विश्वास दिलाता हूं कि केंद्र सरकार विकास में कसर नहीं छोड़ेगी।’
‘हमारे विरोधी एकजुट होकर भी भाजपा जितनी सीटें नहीं जीत पाए‘
भाजपा की जीत पर पीएम मोदी ने कहा, ‘हमारे विरोधी एकजुट होकर भी उतनी सीटें नहीं जीत पाए, जितनी अकेले भाजपा ने जीती हैं। भाजपा के कार्यकर्ताओं को कहूंगा, आपकी मेहनत आपका पसीना ये मोदी को निरंतर काम करने की प्रेरणा देता है। अगर आप 10 घंटे काम करेंगे तो मोदी 18 घंटे काम करेगा। आप दो कदम चलेंगे। मोदी चार कदम चलेगा। हम मिलकर चलेंगे। देश को आगे बढ़ाएंगे।’
‘एनडीए सरकार की प्रतिबद्धता हर वर्ग के विकास की रही है‘
उन्होंने कहा, ‘तीसरे कार्यकाल में देश बड़े फैसलों का गवाह बनेगा और यह मोदी की गारंटी है। एनडीए सरकार की प्रतिबद्धता हर वर्ग के विकास की रही है। 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। इसमें से बड़ी संख्या एससी-एसटी की है। हम तब तक नहीं रुकेंगे, जब तक गरीबी देश के अतीत का हिस्सा न हो जाए।’
निर्वाचन आयोग को भी दिया धन्यवाद
पीएम मोदी ने निर्वाचन आयोग का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा, ‘ये 140 करोड़ भारतीयों की जीत है। मैं आज देश के चुनाव आयोग का भी अभिनंदन करूंगा। चुनाव आयोग ने दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव इतनी कुशलता से संपन्न कराया। करीब 100 करोड़ मतदाता, एक करोड़ मतदान कर्मी, 11 लाख बूथ इतनी प्रचंड गर्मी में कर्मियों ने अपने दायित्वों को बखूबी निभाया।’
देश की जनता-जनार्दन ने एनडीए पर लगातार तीसरी बार अपना विश्वास जताया है।
भारत के इतिहास में ये एक अभूतपूर्व पल है।
मैं इस स्नेह और आशीर्वाद के लिए अपने परिवारजनों को नमन करता हूं।मैं देशवासियों को विश्वास दिलाता हूं कि उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हम नई ऊर्जा, नई…
— Narendra Modi (@narendramodi) June 4, 2024
‘भारत के इतिहास में एक ऐतिहासिक उपलब्धि‘
भाजपा दफ्तर पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री ने X पर एक भी पोस्ट भी किया, जिसमें उन्होंने लिखा – ‘जनता ने लगातार तीसरी बार NDA पर भरोसा जताया है। यह भारत के इतिहास में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। मैं इस स्नेह के लिए जनता जनार्दन को नमन करता हूं और उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि हम जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पिछले दशक में किए गए अच्छे कार्यों को जारी रखेंगे। मैं अपने सभी कार्यकर्ताओं को उनकी कड़ी मेहनत के लिए भी सलाम करता हूं। शब्द कभी भी उनके असाधारण प्रयासों के साथ न्याय नहीं कर पाएंगे।’