पीएम मोदी आज से दो दिवसीय इजराइल दौरे पर, रणनीतिक साझेदारी पर होगी व्यापक चर्चा
नई दिल्ली, 24 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के निमंत्रण पर बुधवार को इजराइल की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर जाएंगे। यह पीएम मोदी की इजराइल की दूसरी यात्रा होगी।
रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा
यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता भारत-इजराइल रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार, रक्षा एवं सुरक्षा, कृषि, जल प्रबंधन, व्यापार और अर्थव्यवस्था सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा करेंगे।
क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श
दोनों नेताओं के बीच पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान होने की उम्मीद है। यह बैठक द्विपक्षीय संबंधों को और सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इजराइल के राष्ट्रपति से भी मुलाकात
पीएम मोदी अपनी यात्रा के दौरान इसहाक हर्जोग से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच सहयोग के विभिन्न आयामों पर चर्चा होगी।
साझा विजन को आगे बढ़ाने का अवसर
पीएम नरेंद्र मोदी की यह यात्रा दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही रणनीतिक साझेदारी की पुष्टि करेगी। साथ ही साझा चुनौतियों की समीक्षा और दो लोकतांत्रिक देशों के बीच मजबूत सहयोग के विजन को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगी।
