1. Home
  2. राज्य
  3. दिल्ली
  4. भाजपा मुख्यालय में जश्न के बीच बोले पीएम मोदी – ‘जो कांग्रेस का हाथ थामता है, उसका बंटाधार होना तय’
भाजपा मुख्यालय में जश्न के बीच बोले पीएम मोदी – ‘जो कांग्रेस का हाथ थामता है, उसका बंटाधार होना तय’

भाजपा मुख्यालय में जश्न के बीच बोले पीएम मोदी – ‘जो कांग्रेस का हाथ थामता है, उसका बंटाधार होना तय’

0
Social Share

नई दिल्ली, 8 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 27 वर्षों बाद दिल्ली की सत्ता वापस पाने का जश्न मनाने में मशगूल है। इस क्रम में शनिवार की शाम राष्ट्रीय राजधानी स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित समारोह में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा व गृह मंत्री अमित शाह सहित शीर्ष नेताओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए।

भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पवर्षा के जरिए स्वागत से अभिभूत पीएम मोदी ने अपने संबोधन में जहां दिल्ली के चौतरफा विकास की गारंटी दी वहीं आम आदमी पार्टी के कथित भ्रष्टाचार की तह तक जाकर जांच कराने की बात कही। इसी क्रम में उन्होंने मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर भी निशाना साधा।

कांग्रेस एक के बाद एक अपने साथियों को खत्म करती जा रही

पीएम मोदी ने कहा, ‘पिछली बार मैंने कहा था कि कांग्रेस परजीवी पार्टी बन चुकी है, यह खुद तो डूबती है, अपने साथियों को भी ले डूबती है। कांग्रेस एक के बाद एक अपने साथियों को खत्म करती जा रही है। आज की कांग्रेस अपने सहयोगियों की जो भाषा है, उसी को चुराने में लगी है, उनके मुद्दे चुराती है, फिर उनके वोटबैंक में सेंध लगाने की कोशिश करती है। यूपी में पार्टी ने यही किया। इसी तरह तमिलनाडु में डीएमके की भाषा डबल जोर से बोलती है। बिहार में भी कांग्रेस ही है, जो जातिवाद का जहर फैलाकर अपनी सहयोगी राजद का वोटबैंक खाने में जुट गई है। यही हाल बंगाल में भी कांग्रेस ने अपने सहयोगियों का किया है। आज दिल्ली में भी एक बार फिर साफ हो गया कि जो भी कांग्रेस का हाथ थामता है, उसका बंटाधार होना तय है।’

यमुनाजी को हम दिल्ली शहर की पहचान बनाएंगे

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘यमुनाजी को हम दिल्ली शहर की पहचान बनाएंगे। मैं जानता हूं, यह काम कठिन है। यह काम बहुत लंबे समय का है। गंगाजी को देखिए, राजीव गांधी के जमाने से यह काम चल रहा है। लेकिन यदि संकल्प मजबूत है तो यह काम होकर रहेगा। हम यमुनाजी की सेवा के लिए काम करेंगे। ये आपदा वाले यह कहकर आए थे कि हम राजनीति बदल डालेंगे, लेकिन ये कट्टर बेईमान निकले।’

अन्ना हजारे को भी इन आपदा वालों के कुकर्मों की पीड़ा से मुक्ति मिली होगी

उन्होंने कहा, ‘मैं आज वरिष्ठ महानुभाव अन्ना हजारे जी का बयान सुन रहा था। अन्ना हजारे जी इन आपदा वाले कुकर्मों की पीड़ा झेल रहे थे। आज उन्हें भी इन आपदा वालों के कुकर्मों की पीड़ा से मुक्ति मिली होगी। यह देश की ऐसी पार्टी बनी, जिसके मुख्यमंत्री, मंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में जेल गए। वो खुद भ्रष्टाचारी निकले, ये दिल्ली के भरोसे के साथ बहुत बड़ा धोखा था। अहंकार इतना कि जब दुनिया कोरोना से निबट रही थी तो ये शीश महल बना रहे थे।’

पहली बैठक में ही सीएजी की रिपोर्ट सदन में रखी जाएगी

पीएम मोदी ने कहा, ‘इन आपदा वालों ने अपने हर घोटाले को छुपाने के लिए रोज-रोज नई साजिशें रखीं। पहले विधानसभा सत्र में ही सीएजी की रिपोर्ट सदन में रखी जाएगी। भ्रष्टाचार के हर तार की जांच होगी और जिसने भी लूटा है, उसको लौटाना होगा, यह भी मोदी की गारंटी है।’

‘दिल्लीवासियों को सिर झुकाकर नमन करता हूं

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत माता की और यमुना मैया की जीत के नारे लगवाकर अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा, ‘आज दिल्ली में दिल्ली के लोगों में एक उत्साह भी है, एक सुकून भी है। उत्साह विजय का है, और सुकून दिल्ली को आपदा से मुक्त कराने का है। मैंने हर दिल्लीवासी के नाम एक पत्र भेजा था। मैंने दिल्ली से प्रार्थना की थी कि 21वीं सदी में भाजपा को सेवा का अवसर दीजिए। दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाने के लिए भाजपा को मौका दीजिए। मैं दिल्ली के हर परिवार को मोदी की गारंटी पर भरोसा करने के लिए सिर झुकाकर नमन करता हूं।’

यह ऐतिहासिक विजय है, एक दशक की आपदा से दिल्ली मुक्त हुई

उन्होंने कहा, ‘यह ऐतिहासिक विजय है, यह साधारण विजय नहीं है। दिल्ली से आपदा को बाहर कर दिया है। एक दशक की आपदा से दिल्ली मुक्त हुई है। साथियों, दिल्ली का जनादेश स्पष्ट है। आज दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई है। आज आडंबर, अराजकता, अहंकार और दिल्ली पर छाई आपदा की हार हुई है। इस नतीजे में भाजपा के कार्यकर्ताओं की दिन रात की मेहनत, उनका परिश्रम इस विजय में चार चांद लगा देता है। और आप सभी कार्यकर्ता इस विजय के हकदार हैं। मैं भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ताओं को आप सबको इस विजय की बहुत बहुत बधाई देता हूं।’

‘जनता ने शॉर्टकट वाली राजनीति का शॉर्ट सर्किट किया

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘राजनीति में शॉर्टकट के लिए झूठ और फरेब के लिए कोई जगह नहीं है। जनता ने शॉर्टकट वाली राजनीति का शॉर्ट सर्किट कर दिया। साथियों, दिल्ली के लोगों ने लोकसभा के चुनाव में मुझे कभी भी निराश नहीं किया। 2014, 2019, 2024 तीनों चुनाव में दिल्ली के लोगों ने भाजपा के लोगों को सात की सात सीटों पर भव्य जीत दिलाई।’

’21वीं सदी में पैदा हुई पीढ़ी पहली बार दिल्ली में भाजपा का सुशासन देखेगी

पीएम मोदी ने कहा, ‘मेरे दिल में दिल्ली की सेवा न कर पाने की टीस थी। लेकिन आज दिल्ली ने हमारा वो आग्रह भी मान लिया। 21वीं सदी में पैदा हुई पीढ़ी पहली बार दिल्ली में भाजपा का सुशासन देखेगी। भाजपा के सुशासन के लिए देश में कितना भरोसा है। लोकसभा चुनाव में उसकी जीत के बाद हमने पहले हरियाणा में अभूतपूर्व रिकॉर्ड बनाया। फिर महाराष्ट्र में नया रिकॉर्ड बनाया, अब दिल्ली में नया इतिहास रच गया है। साथियों, आज के नतीजों का एक और पक्ष भी है, कि हमारा दिल्ली सिर्फ एक शहर नहीं है, ये दिल्ली मिनी हिंदुस्तान है। ये लघु भारत है, दिल्ली ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के विचार को जीती है। जी जान से जीती है।”

‘देश तुष्टीकरण नहीं बल्कि भाजपा के संतुष्टिकरण की पॉलिसी को चुन रहा

उन्होंने कहा, आज अयोध्या के मिल्कीपुर में भी भाजपा को शानदार जीत मिली है। हर वर्ग ने भारी संख्या में भाजपा के लिए मतदान किया है। अभूतपूर्व विजय दिलाई है और साथियों, आज देश तुष्टीकरण नहीं बल्कि भाजपा के संतुष्टिकरण की पॉलिसी को चुन रहा है। साथियों, दिल्ली में धरना-प्रदर्शन की राजनीति, टकराव और प्रशासनिक अनिश्चितता ने दिल्ली के लोगों का बहुत नुकसान किया है। आज दिल्ली के विकास के सामने से एक बड़ी रुकावट आप सब दिल्लीवासियों ने दूर कर दी है।’

‘हम दिल्ली की सेवा में दिनरात एक कर देंगे

आम आदमी पार्टी को कोसते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘सोचिए, कैसी राजनीति रही होगी, कैसी सोच होगी इन लोगों की। इन लोगों ने मेट्रो का काम आगे बढ़ाने से रोका, इन आपदा वालों ने झुग्गीवालों को घर देने से रोका, इन आपदा वालों ने आयुष्मान योजना का लाभ भी दिल्ली के लोगों को नहीं मिलने दिया। अब दिल्ली के लोगों ने साफ संदेश दिया है कि उन्हें गुड गवर्नेंस चाहिए। उन्होंने डबल इंजन की सरकार को चुना हम पूरी गंभीरता से धरातल पर रहकर काम करेंगे। हम दिल्ली के लोगों की सेवा में दिन रात एक कर देंगे।’

NDA यानी विकास और सुशासन की गारंटी

भिन्न राज्यों में भाजपा की लगातार जीत का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘लोग हमारी सरकारों को दूसरी बार, तीसरी बार चुन रहे हैं। उत्तराखंड, हरियाणा, यूपी, एमपी, गुजरात, गोवा, बिहार, असम, अरुणाचल, मणिपुर में, हर राज्य में हमें दोबारा सत्ता मिली है। विकास तभी आया, जब एनडीए की सरकर आई। ये सारे उदाहरण बताते हैं कि एनडीए यानी विकास की गारंटी, एनडीए यानी सुशासन की गारंटी। सुशासन का लाभ गरीब और मिडिल क्लास दोनों को होता है। इस बार दिल्ली में गरीब, झुग्गी में रहने वाले, मिडिल क्लास ने भाजपा को जबरदस्त समर्थन दिया है। चाहे कोई भी प्रोफेशन हो, हर वर्ग के बहुत सारे प्रोफेशनल्स हमारी पार्टी में काम कर रहे हैं क्योंकि हमारी पार्टी ने मिडिल क्लास को हमेशा उचित स्थान दिया है।’

मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरा होने की गारंटी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘हमने हर राज्य में नारी शक्ति से किए हर वादे को पूरा किया है, आज उन राज्यों में करोड़ों माताओं-बहनों को इन योजनाओं का लाभ मिल रहा है। मैं दिल्ली की मातृशक्ति से भी कहता हूं कि चुनाव में उनसे किया वादा जरूर पूरा किया जाएगा। ये मोदी की गारंटी है और मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरा होने की गारंटी।’

‘दिल्ली भारत का गेटवे है, इसे सर्वश्रेष्ठ इंफ्रास्ट्रक्चर मिलना ही चाहिए

पीएम मोदी ने कहा, ‘पड़ोस के हर राज्य में भाजपा की सरकारें हैं, ये बहुत ही सुखद संयोग है। साथियों, इन सभी क्षेत्रों में आजादी के बाद पहली बार एक साथ भाजपा की सरकारें हैं। इस एक संयोग से तरक्की के अनगिनत रास्ते खुलने जा रहे हैं। हमारी कोशिश होगी कि इस पूरे क्षेत्र में मोबिलिटी पर ढेर सारे काम हो। साथियों, हम देख रहे हैं, आज देश तेजी से शहरीकरण की ओर बढ़ रहा है। पहले की सरकारों ने शहरीकरण को बोझ माना, इसे चुनौती समझा। मेरा मानना है शहरीकरण एक मौका है, शहरीकरण गरीबों को वंचितों को सशक्त करने का माध्यम है। दिल्ली भारत का गेटवे है, इसलिए इसे भारत का सर्वश्रेष्ठ इंफ्रास्ट्रक्चर मिलना ही चाहिए। लोगों ने सड़कों के लिए हमारी परफॉर्मेंस देखी है, अब हम दिल्लीवालों की आशाओं को पूरा करने में पूरी शक्ति से जुट जाएंगे।’

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code