नई दिल्ली, 6 सितंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मेट्रो सफर का एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में पीएम मोदी मेट्रो में सफर करते हुए बच्चों, महिलाओं और छात्रों से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। यह सफर शनिवार शाम श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह में शामिल होने जाने और वहां से लौटने के दौरान का बताया गया है। वीडियो शेयर करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, “मेट्रो मोमेंट्स, कल शाम की एसआरसीसी की यात्रा और वहां से वापस आने के दौरान हुई बातचीत।”
बच्चों से पीएम मोदी ने पूछा- जन्माष्टमी मनाई कि नहीं?
मेट्रो में सफर के दौरान पीएम मोदी कई बच्चों से बातचीत करते नजर आए। उन्होंने बच्चों से हाथ मिलाया और उनके नाम के साथ यह भी पूछा कि वे कहां जा रहे हैं। इसी दौरान प्रधानमंत्री ने बच्चों से पूछा, “जन्माष्टमी मनाई कि नहीं?” बच्चों ने एक साथ जवाब दिया कि उन्होंने जन्माष्टमी मनाई है। इसके बाद पीएम मोदी ने कुछ बच्चों को अपने पास बैठाया और उनसे बातचीत की।
बच्चे ने शिक्षक दिवस पर पीएम मोदी को दिया संदेश
वीडियो में एक बच्चा प्रधानमंत्री से कहता नजर आया कि 5 सितंबर को शिक्षक दिवस है। बच्चे ने पूर्व राष्ट्रपति और शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अपने समय में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को प्रेरित किया, जबकि आज उनके सामने पीएम मोदी हैं, जो पूरे भारत को प्रेरित करते हैं। बच्चे ने प्रधानमंत्री को इसके लिए धन्यवाद भी दिया।
बच्चे ने सुनाया ‘गुरुर्ब्रह्मा…’ श्लोक
मेट्रो में मौजूद एक अन्य बच्चे ने प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान संस्कृत का प्रसिद्ध श्लोक “गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णुः…” सुनाया। बच्चे की बात सुनकर पीएम मोदी उससे बातचीत करते नजर आए। मेट्रो में मौजूद कुछ महिलाओं के साथ उनके बच्चे भी थे। प्रधानमंत्री ने बच्चों से मुलाकात की और एक बच्चे के सिर पर हाथ रखकर उसे स्नेह दिया।
बच्चे ने कहा- ‘मैं आपके जैसा बनना चाहता हूं’
वीडियो का एक और खास पल तब आया, जब एक छोटा बच्चा प्रधानमंत्री के पास पहुंचा और उनसे हाथ मिलाते हुए कहा कि वह “आपके जैसा बनना चाहता हूं।” बच्चे की बात सुनकर पीएम मोदी मुस्कुराए और जवाब दिया, “सचमुच में।”
चंदौली की महिला से बोले- मैं भी बगल में काशी का हूं
मेट्रो में प्रधानमंत्री से बातचीत के दौरान एक महिला ने बताया कि वह चंदौली से हैं। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि वह भी बगल में काशी से हैं। महिला ने बताया कि उनका मायका काशी में ही है। इसके बाद प्रधानमंत्री ने उनसे पूछा कि उन्हें काशी कैसा लगता है। महिला ने कहा कि काशी का बहुत तेजी से विकास हुआ है। पीएम मोदी ने आगे पूछा कि क्या काशी के लोग खुश हैं और वहां अच्छा काम हो रहा है? महिला ने इसका जवाब हां में दिया।
पीएम मोदी ने छात्रों को दी किताब पढ़ने की सलाह
मेट्रो सफर के दौरान प्रधानमंत्री ने कुछ विद्यार्थियों से भी बातचीत की। उन्होंने पूछा कि वे कौन-कौन सी किताबें पढ़ते हैं। छात्रों ने बताया कि वे नॉवेल और एकेडमिक किताबें पढ़ते हैं।इस पर पीएम मोदी ने कहा कि यह अच्छी बात है, लेकिन विद्यार्थियों को इसके साथ ऑटोबायोग्राफी और बायोग्राफी भी पढ़नी चाहिए। प्रधानमंत्री का यह सुझाव छात्रों के बीच पढ़ने की आदत और अलग-अलग क्षेत्रों के प्रेरक व्यक्तित्वों के बारे में जानने पर केंद्रित रहा। पीएम मोदी का यह मेट्रो सफर वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है, जिसमें प्रधानमंत्री को आम यात्रियों और खासकर बच्चों के साथ सहज अंदाज में बातचीत करते देखा जा सकता है।


