Jaipur Politics: टिकट को लेकर कांग्रेस में बगावत! वार्ड 149 में विधायक के काफिले का घेराव, काले झंडे दिखाए; गाड़ी पर चढ़े प्रदर्शनकारी

जयपुर,6 सितंबर: राजस्थान में नगर निकाय चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही टिकट वितरण को लेकर राजनीतिक दलों के भीतर असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। जयपुर के आमेर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 149 में कांग्रेस प्रत्याशी अंजलि ब्रह्मभट्ट के विरोध में शनिवार शाम स्थानीय लोगों और नाराज कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। हांडीपुरा इलाके में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में पहुंचे क्षेत्रीय विधायक प्रशांत सहदेव शर्मा के काफिले को प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया। इस दौरान काले झंडे दिखाए गए और टिकट वितरण के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शन के दौरान कुछ युवकों के विधायक की गाड़ी की छत और बोनट पर चढ़ने की बात भी सामने आई है।

हांडीपुरा में अचानक बिगड़ा माहौल

जानकारी के अनुसार, विधायक प्रशांत सहदेव शर्मा और कांग्रेस प्रत्याशी अंजलि ब्रह्मभट्ट का काफिला शनिवार शाम हांडीपुरा क्षेत्र में जनसंपर्क के लिए पहुंचा था। इसी दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और नाराज कार्यकर्ता सड़क पर आ गए। प्रदर्शनकारियों ने वाहनों को चारों ओर से घेर लिया और टिकट वितरण के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

विधायक की गाड़ी पर चढ़े प्रदर्शनकारी

विरोध के दौरान कुछ प्रदर्शनकारी विधायक की गाड़ी के ऊपर चढ़ गए। आरोप है कि वाहन को रोकने के साथ उसे क्षतिग्रस्त करने का प्रयास भी किया गया। इस दौरान विधायक समर्थकों और प्रदर्शनकारियों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। हालात बिगड़ते देख सुरक्षाकर्मियों और समर्थकों ने भीड़ को हटाया। इसके बाद विधायक को सुरक्षित वहां से रवाना किया गया।

दोबारा टिकट मिलने से नाराजगी का दावा

वार्ड 149 में विरोध की मुख्य वजह कांग्रेस के टिकट वितरण को बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों और कुछ दावेदारों का आरोप है कि निवर्तमान पार्षद अंजलि ब्रह्मभट्ट के कार्यकाल में क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर अपेक्षित काम नहीं हुआ।स्थानीय स्तर पर नए चेहरे को टिकट देने की मांग किए जाने के बावजूद अंजलि ब्रह्मभट्ट को दोबारा उम्मीदवार बनाए जाने से नाराजगी बढ़ने का दावा किया जा रहा है। निकाय चुनाव से ठीक पहले पार्टी प्रत्याशी और स्थानीय विधायक के खिलाफ इस तरह का विरोध कांग्रेस संगठन के लिए चुनौती माना जा रहा है। हालांकि, इस विरोध का चुनावी असर कितना होगा, यह मतदान के बाद ही स्पष्ट होगा।

अंजलि ब्रह्मभट्ट ने बताया साजिश, कार्रवाई की मांग

घटना पर कांग्रेस प्रत्याशी अंजलि ब्रह्मभट्ट ने प्रदर्शन को विरोधियों और असामाजिक तत्वों की सोची-समझी साजिश बताया है। उनका आरोप है कि जनसंपर्क के दौरान कुछ लोगों ने जानबूझकर विवाद पैदा किया और गाड़ी पर चढ़कर तोड़फोड़ का प्रयास किया। अंजलि ब्रह्मभट्ट ने कहा कि चुनाव के दौरान राजनीतिक मतभेद होना सामान्य है, लेकिन हिंसक तरीके से विरोध करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल, वार्ड 149 में हुए इस विरोध के बाद स्थानीय राजनीतिक माहौल गरमा गया है। प्रशासन और पुलिस की ओर से पूरे घटनाक्रम को लेकर क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर नजर बनी हुई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular