पीएम मोदी ने ईरानी राष्ट्रपति पेजेश्कियन से की मुलाकात : पश्चिम एशिया के हालात पर रर्चा, कूटनीतिक समाधान पर जोर

नई दिल्ली, 11 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भागीदारी के लिए भारत दौरे पर आए ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन की शुक्रवार की रात मुलाकात की। इस द्विपक्षीय मुलाकात में पश्चिम एशिया के हालत पर बात हुई और पीएम मोदी ने भारत के इस लगातार कायम रुख को दोहराया कि सभी मुद्दों का समाधान बातचीत व कूटनीति के जरिए होना चाहिए।

स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करना जरूरी

पीएम मोदी ने क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासों की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने नौवहन और व्यापार की स्वतंत्रता और समुद्री नाविकों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने की जरूरत बताई।

उल्लेखनीय है कि दो हफ्ते से भी कम समय में पीएम मोदी और पेजेश्कियन की यह दूसरी मुलाकात है। इससे पहले 31 अगस्त को बिश्केक में एससीओ समिट से इतर दोनों नेताओं की मुलाकात हुई थी।

भारत-ईरान संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा

विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों नेताओं ने भारत-ईरान संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद ब्रिक्स से जुड़ी बैठकों में ईरान की नियमित और उच्चस्तरीय भागीदारी के लिए आभार जताया।

उन्होंने कहा कि ग्लोबल साउथ के देशों के बीच लचीलापन, नवाचार, सहयोग और टिकाऊ विकास की भावना को बढ़ावा देने में ब्रिक्स में काफी संभावनाएं हैं। पीएम मोदी ने ब्रिक्स समेत बहुपक्षीय संगठनों में आपसी हित के मुद्दों पर दोनों देशों के बीच जारी सहयोग की भी सराहना की।

यूएन महासचिव गुटेरेस ने भारत की चौथी ब्रिक्स अध्यक्षता पर पीएम मोदी को दी बधाई

इस बीच ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शिरकत करने के लिए भारत आए वैश्विक नेताओं से भेंट-मुलाकात के क्रम में संयुक्त राष्ट्र (UN) महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से भी मुलाकात की। गुटेरेस ने इस मुलाकात के दौरान भारत की चौथी बार ब्रिक्स अध्यक्षता संभालने के लिए पीएम मोदी को बधाई दी। दोनों नेताओं ने वैश्विक शासन व्यवस्था में बहुध्रुवीयता को मजबूत करने और बहुपक्षीय संस्थानों में सुधार की आवश्यकता पर चर्चा की।

संघर्षों और समुद्री सुरक्षा पर विचार-विमर्श

पीएम मोदी और गुटेरेस ने जारी संघर्षों, नौवहन की स्वतंत्रता और वैश्विक शांति एवं स्थिरता से जुड़े प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। बैठक में सतत विकास, मानव-केंद्रित कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में प्रगति और वैश्विक खाद्य सुरक्षा समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई। बैठक के अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव के रूप में गुटेरेस के कार्यकाल के शेष समय के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular