गुजरात : पीएम मोदी ने वडोदरा में 35 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास और लोकार्पण

वडोदरा, 8 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने गृह राज्य गुजरात के दौरे पर मंगलवार को वडोदरा में 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

पीएम मोदी ने इस दौरान महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी के मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते बुए कहा, ‘महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी का ये मैदान, अलग-अलग फील्ड में काम करने वाले सभी साथियों का साथ और विकास का ये उत्सव, यहां सब कुछ एक साथ हो रहा है।’

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत में गुजरात के लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, ‘आज मैं विकसित भारत की यात्रा को और गति देने के लिए आपके बीच आया हूं। थोड़ी देर पहले यहां देश के विकास से जुड़े हजारों करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है।’

‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान चलाने के लिए वड़ोदरावासियों को बधाई

उन्होंने वडोदरा के लोगों की तारीफ करते हुए कहा, “इस विकास पर्व में आप सभी ने जिस सेवाभाव से पूरे वडोदरा शहर में ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान चलाया है, इसके लिए मैं वडोदरा के हर एक नागरिक को हृदय से बहुत-बहुत बधाई देता हूं और उनकी सराहना करता हूं। हर परिवार में स्वच्छता का वातावरण बन गया है। इस बार जब गणेश जी पधारेंगे तो सारे आशीर्वाद बरसेंगे।”

उन्होंने कहा, ‘इस वर्ष लाल किले से मैंने विकसित भारत के लिए संकल्प की सप्तधारा का आह्वान किया है। इस सप्तधारा में एक धारा गतिशक्ति की भी है। विकसित भारत के लिए हमें ऐसी कनेक्टिविटी चाहिए, जो सुगम भी हो और जमाने के हिसाब से जरा तेज भी हो।’

2,800 किमी से अधिक का डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर प्रोजेक्ट पूरा

वडोदरा को गतिशक्ति यूनिवर्सिटी का शहर करार देते हुए पीएम ने कहा, ‘आज यहां से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की आखिरी कड़ियां भी जुड़ गई हैं। आज 2,800 किमी से अधिक का डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर प्रोजेक्ट पूरा हो गया है। ये 21वीं सदी के भारत के लिए बहुत ऐतिहासिक कार्य संपन्न हुआ है।’ इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव समेत कई सांसद और नेता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular