नई दिल्ली, 15 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लद्दाख में 3,350 करोड़ की पांच विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने इस दौरान अपने संबोधन में कहा कि केंद्रशासित प्रदेश बनने के बाद से लद्दाख के विकास की जरूरतों पर और भी ध्यान दिया गया है। 2019 तक लद्दाख में करीब 1800 किलोमीटर की सड़कों का नेटवर्क था। आज यह बढ़कर चार हजार किमी से अधिक हो गया है। पहले यहां 19 बड़े पुल थे और आज इनकी संख्या करीब 75 हो गई है। हेलीपैड की संख्या भी सात से बढ़कर 40 से अधिक हो गई है।

लद्दाख की प्रगति और विकास में एक और अध्याय जुड़ा
पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत में कहा, ‘आज लद्दाख की प्रगति और विकास में एक और अध्याय जुड़ रहा है। मुझे खुशी है कि मैं तकनीक के माध्यम से इस अवसर का हिस्सा बन रहा हूं। लद्दाख में कई अहम विकास परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ है। इन परियोजनाओं से कई लोगों का सफर आसान होगा। कहीं बिजली की सुविधाएं बेहतर होंगी तो कहीं पानी की उपलब्धता बढ़ेगी और हमारी प्राचीन विरासत के संरक्षण को भी नई ताकत मिलेगी।’
2,500 करोड़ की लागत से निर्मित निम्मू पदम दारचा सड़क लद्दाख को समर्पित
उन्होंने कहा कि निम्मू पदम दारचा सड़क लद्दाख के लोगों को समर्पित की गई है। इस पर करीब 2,500 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। पहले जिस सफर में करीब 12 घंटे लगते थे, वो अब लगभग तीन घंटे में पूरा हो सकेगा। इससे यात्रा का समय भी बचेगा और इस रोड से व्यापार और कारोबार को भी और मदद मिलेगी।

केंद्र सरकार के लिए लद्दाख का विकास बहुत बड़ी प्राथमिकता
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हमेशा से यह कहा जाता है कि लद्दाख में प्रकृति के कारण जीवन बहुत मुश्किल होता है। प्राकृतिक वातावरण की अपनी चुनौतियां होती हैं। लेकिन दुर्भाग्य से ऐसी परिस्थितियों के बावजूद पहले की सरकारों ने लद्दाख के विकास को प्राथमिकता नहीं दी। फिलहाल, आज केंद्र सरकार के लिए लद्दाख का विकास बहुत बड़ी प्राथमिकता है।”


