1. Home
  2. हिन्दी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया पहुंचे, मेलबर्न की ठंड के बीच भव्य स्वागत के लिए भारतीय समुदाय का जताया आभार
पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया पहुंचे, मेलबर्न की ठंड के बीच भव्य स्वागत के लिए भारतीय समुदाय का जताया आभार

पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया पहुंचे, मेलबर्न की ठंड के बीच भव्य स्वागत के लिए भारतीय समुदाय का जताया आभार

0
Social Share

मेलबर्न, 8 जुलाई। इंडोनेशिया का तीन दिवसीय दौरा खत्म कर बुधवार की रात ही ऑस्ट्रेलिया पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेलबर्न में भारतीय समुदाय द्वारा किए गए भव्य स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मेलबर्न का मौसम भले ही ठंडा हो, लेकिन भारतीय समुदाय का स्नेह और अपनापन हमेशा यादगार रहेगा।

स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं

दरअसल, बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोग पीएम मोदी के होटल के बाहर एकत्र थे। कड़ाके की ठंड के बावजूद लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘मोदी-मोदी’ के नारों के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, ‘मेलबर्न का मौसम भले ही ठंडा हो, लेकिन भारतीय समुदाय की ओर से मिला गर्मजोशी भरा स्वागत वास्तव में अविस्मरणीय है। भारत के प्रति उनका स्नेह और अटूट जुड़ाव हमेशा गर्व और खुशी का विषय है।’

मां तुझे सलाम’ की प्रस्तुति की सराहना

प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रेलियन-इंडिया ऑर्केस्ट्रा द्वारा प्रस्तुत ‘मां तुझे सलाम’ की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रस्तुति ने दोनों देशों के लोगों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने में संगीत की भूमिका को खूबसूरती से प्रदर्शित किया। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह प्रस्तुति गीत की वैश्विक लोकप्रियता को दर्शाती है।

डिड्जेरिडू और तबले की जुगलबंदी की तारीफ

पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के पारंपरिक वाद्य यंत्र डिड्जेरिडू और भारत के तबले की संयुक्त प्रस्तुति की भी सराहना की। उन्होंने इसे भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच गहरे सांस्कृतिक जुड़ाव का प्रतीक बताया। इसके अलावा स्थानीय कलाकारों की कथक प्रस्तुति की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में भारतीय शास्त्रीय नृत्य की बढ़ती लोकप्रियता देखकर उन्हें प्रसन्नता हुई।

भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी को मिलेगा नया बल

इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के निमंत्रण पर तीन दिवसीय दौरे पर मेलबर्न पहुंचे पीएम मोदी ने कहा कि उनका यह दौरा भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी (कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप) को नया बल देगा।

उन्होंने एक्‍स’ पर लिखा, ‘मैं ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न पहुंच गया हूं। यह दौरा भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूती देगा। मुझे प्रधानमंत्री अल्बनीज के साथ होने वाली बातचीत का इंतजार है। इस दौरान मुझे भारतीय समुदाय के लोगों से मिलने का भी मौका मिलेगा, जो भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी का एक मजबूत स्तंभ हैं।’

ऑस्ट्रेलियाई पीएम एल्बनीज संग गुरुवार को द्विपक्षीय वार्ता

पीएम मोदी गुरुवार को ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, रक्षा, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी, शिक्षा और लोगों के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

इन कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे

ऑस्ट्रेलिया समकक्ष एल्बनीज संग वार्ता के अलावा पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया की गवर्नर जनरल सैम मोस्टिन से भी मुलाकात करेंगे। वह भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम में भी भाग लेंगे, जहां दोनों देशों के शीर्ष बिजनेस लीडर्स की सभा को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी मेलबर्न में भारतीय प्रवासी समुदाय की एक विशाल सभा को भी संबोधित करेंगे।

अल्बनीज ने भारत को एक अहम आर्थिक साझेदार बताया

वहीं पीएम मोदी की यात्रा से पहले ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने भारत को एक अहम आर्थिक साझेदार बताया और द्विपक्षीय संबंधों के बढ़ते रणनीतिक महत्व पर बात की। इस सप्ताह की शुरुआत में जारी एक बयान में ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि दुनिया की चौथी सबसे बड़ी और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के तौर पर भारत ऑस्ट्रेलिया के लिए एक अहम आर्थिक साझेदार है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code