1. Home
  2. हिन्दी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. नाइजीरिया में हादसा : पेट्रोल टैंकर में विस्फोट से 140 से ज्यादा लोगों की मौत, दर्जनों अन्य घायल
नाइजीरिया में हादसा : पेट्रोल टैंकर में विस्फोट से 140 से ज्यादा लोगों की मौत, दर्जनों अन्य घायल

नाइजीरिया में हादसा : पेट्रोल टैंकर में विस्फोट से 140 से ज्यादा लोगों की मौत, दर्जनों अन्य घायल

0
Social Share

अबुजा (नाइजीरिया), 16 अक्टूबर। नाइजीरिया में बड़ा हादसा हुआ, जब देश के पश्चिमोत्तर हिस्से में एक पेट्रोल टैंकर के पलट जाने और उसमें विस्फोट होने से 100 से अधिक लोगों की मौत हो गई जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए। यह घटना उस समय हुई, जब वाहन के पलटने के बाद दर्जनों लोग ईंधन लेने के लिए उसकी ओर दौड़े थे। आपातकालीन सेवाओं की तरफ से बुधवार को यह जानकारी दी गई।

वाहन पलटने के बाद दर्जनों लोग ईंधन लेने के लिए उसकी ओर दौड़े थे

स्थानीय पुलिस प्रवक्ता लॉन एडम ने बताया कि यह विस्फोट मंगलवार को मध्य रात्रि के बाद जिगावा राज्य के माजिया नगर में हुआ, जब राजमार्ग पर टैंकर चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया। जिगावा राज्य आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी के प्रमुख डॉ. हारुना मैरिगा ने बताया कि 97 लोग घटनास्थल पर ही जलकर राख हो गए जबकि अन्य की अस्पताल में मौत हो गई।

नाइजीरिया में घातक टैंकर दुर्घटनाएं सामान्य बात

उल्लेखनीय है कि अफ्रीका के सर्वाधिक आबादी वाले देश नाइजीरिया में घातक टैंकर दुर्घटनाएं आम बात हैं, जहां कई स्थानों पर यातायात नियमों का कड़ाई से पालन नहीं किया जाता और माल परिवहन के लिए कुशल रेलवे प्रणाली जैसे विकल्पों का अभाव है। ऐसी दुर्घटनाओं के बाद लोगों द्वारा ईंधन इकट्ठा करना भी आम बात है, विशेषकर नाइजीरिया में ईंधन की बढ़ती कीमतों के मद्देनजर। नाइजीरिया ने ईंधन पर सब्सिडी खत्म कर दी है, जिसके बाद पिछले साल की शुरुआत से ईंधन के दाम तीन गुना हो चुके हैं।

पुलिस ने बताया कि नवीनतम दुर्घटना में शामिल चालक पड़ोसी राज्य कानो से लगभग 110 किलोमीटर की यात्रा करके आया था। एडम ने बताया कि जब निवासियों को माजिया नगर में इस दुर्घटना के बारे में पता चला तो वे घटनास्थल पर पहुंचे और ईंधन भरने लगे, तभी टैंकर में भयंकर आग भड़क उठी। घटनास्थल से प्राप्त वीडियो में पूरे क्षेत्र में भीषण आग दिखाई दे रही थी तथा घटनास्थल पर शव बिखरे हुए नजर आ रहे थे।

माजिया कस्बे के निवासी बुधवार की सुबह शोक में थे और क्षेत्र में राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी की प्रमुख नूरा अब्दुल्लाही ने बताया कि अन्य स्थानों पर दफनाए गए लोगों के अलावा करीब 140 लोगों को सामूहिक कब्र में दफनाया गया। स्थानीय लोगों ने पीड़ितों का सामूहिक अंतिम संस्कार किया। ज्यादातर शव पहचानने लायक नहीं थे।

आपातकालीन सेवाओं के प्रमुख मैरिगा ने कहा कि यदि लोगों के खतरे के बारे में पता होता तो वे ईंधन लाने नहीं जाते।’ उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाएं दुर्घटना के कई घंटे बाद ही घटनास्थल पर पहुंचीं, तब तक आग में फंसे लोग जलकर राख हो चुके थे।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code