कराची, 21 अक्टूबर। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अगले वर्ष जनवरी में भारत में प्रस्तावित इंटरनेशनल मास्टर्स क्रिकेट विश्व कप में भागीदारी के लिए अपनी वेटरंस टीम (50 प्लस उम्र) को अनुमति देने से इनकार कर दिया है।
पिछली बार श्रीलंका में चैम्पियन हुई थी पाकिस्तानी टीम
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान ने श्रीलंका में पिछले वर्ष हुआ टूर्नामेंट जीता था, लेकिन इस बार बोर्ड ने पाकिस्तान वेटरंस क्रिकेट संघ को बता दिया है कि उन्हें भारत में खेलने की अनुमति नहीं है। पीवीसीए के प्रमुख फवाद एजाज ने कहा, ‘हमने आयोजकों को बता दिया है कि हम टूर्नामेंट से नाम वापस ले रहे हैं। वे विकल्प की व्यवस्था कर सकते हैं।’
भारत ने टीम वीजा और उच्चस्तरीय सुरक्षा मुहैया कराने का आश्वासन दिया था
फवाद एजाज ने कहा कि आयोजकों और मेजबान देश ने उन्हें टीम वीजा और उच्चस्तरीय सुरक्षा मुहैया कराने का आश्वासन दिया था, जिसके बाद पीसीबी और विदेश तथा गृह मंत्रालय से अनुमति मांगी गई थी। फवाद ने कहा कि पाकिस्तान के गृह मंत्री और पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी ने उन्हें बताया कि भारत में खेलने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
PHF भी हॉकी टीम भेजने से इनकार कर चुका है
गौरतलब है कि पाकिस्तान हॉकी महासंघ (PHF) ने भी हाल ही में एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए अपनी टीम भारत टीम भेजने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद छह देशीय टूर्नामेंट में बांग्लादेश को शामिल किया गया।


