1. Home
  2. हिन्दी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. भारतीय नभ क्षेत्र में घुसा पाकिस्तानी एयरलाइंस का विमान, तीन राज्यों के चक्कर लगाकर इस्लामाबाद पहुंचा
भारतीय नभ क्षेत्र में घुसा पाकिस्तानी एयरलाइंस का विमान, तीन राज्यों के चक्कर लगाकर इस्लामाबाद पहुंचा

भारतीय नभ क्षेत्र में घुसा पाकिस्तानी एयरलाइंस का विमान, तीन राज्यों के चक्कर लगाकर इस्लामाबाद पहुंचा

0
Social Share

नई दिल्ली, 28 जुलाई। पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) का एक विमान भारतीय वायु क्षेत्र का लंबा चक्कर लगाने के बाद इस्लामाबाद पहुंचा। यह मामला पिछले सोमवार (24 जुलाई) का है, जब कराची से इस्लामाबाद जाने वाली पीआईए फ्लाइट उड़ान भरने के कुछ ही समय में रास्ता भटक गई और इसने शाम लगभग 5.32 बजे भारतीय वायु क्षेत्र में प्रवेश किया। भारतीय हवाई क्षेत्र में करीब एक घंटे 12 मिनट तक रहा विमान तीन राज्यों के चक्कर लगाने के बाद इस्लामाबाद पहुंचा।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ओपन-सोर्स फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा से पता चलता है कि इसने पाकिस्तान के हैदराबाद से भारत के राजस्थान क्षेत्र में प्रवेश किया। पाकिस्तानी विमान राजस्थान के ऊपर से उड़ान भरते हुए हरियाणा और फिर पंजाब तक गया। अंततः शाम 6.44 बजे पंजाब से पाकिस्तानी क्षेत्र में प्रवेश किया। फ्लाइट संख्या पीके308 को पाकिस्तान समयानुसार शाम चार बजे रवाना होने के लिए शेड्यूल किया गया था। फ्लाइट डेटा से पता चलता है कि सोमवार को फ्लाइट ने मूल रूप से निर्धारित समय से 30 मिनट अधिक समय लिया।

खराब मौसम के कारण फ्लाइट को भारत की ओर डायवर्ट करना पड़ा था

कराची से इस्लामाबाद के लिए नॉर्मल फ्लाइट का समय एक घंटे और 40 मिनट तक है। लेकिन इस फ्लाइट ने भारत में चक्कर लगाने के बाद दो घंटे और 14 मिनट लिए। आंकड़ों से पता चलता है कि सोमवार को पाकिस्तान के सिंध और पंजाब में भारी बारिश हुई थी। इन दोनों प्रांतों के अलावा, इस्लामाबाद में भी गरज के साथ बारिश हुई। यही कारण है कि मौसम के चलते फ्लाइट को भारत की ओर डायवर्ट करना पड़ा था।

पिछले माह इंडिगो फ्लाइट पाकिस्तानी क्षेत्र में प्रवेश कर गई थी

रोचक तथ्य यह है कि भारतीय नागरिक उड्डयन अधिकारियों ने पाकिस्तान की इस घरेलू उड़ान को भारतीय वायु क्षेत्र में प्रवेश करने की इजाजत दे दी थी। ऐसा आमतौर पर अतीत में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के होता देखा गया है। जून में, भारतीय विमानन कम्पनी इंडिगो की एक फ्लाइट लगभग आधे घंटे के लिए पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गई। यह फ्लाइट उत्तरी शहर अमृतसर से पश्चिमी शहर अहमदाबाद जा रही थी। फ्लाइट 6ई-645 186 यात्रियों और चालक दल को ले जा रही थी। इसको भारत में खराब मौसम के कारण अटारी से पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में जाना पड़ा। बाद में फ्लाइट अहमदाबाद में सुरक्षित उतर गई।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code