
वर्ष 2025 के लिए 139 पद्म पुरस्कारों की घोषणा – शारदा सिन्हा व सुशील मोदी से लेकर आर अश्विन तक शामिल
नई दिल्ली, 25 जनवरी। भारत के 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वर्ष 2025 के लिए 139 पद्म पुरस्कारों को मंजूरी दी, जिसमें सात पद्म विभूषण, 19 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। पद्म पुरस्कारों में सिनेमा, राजनीति, खेल जगत, चिकित्सा और कला समेत कई क्षेत्रों से आने वाली हस्तियां शामिल हैं।
7 पद्म विभूषण, 19 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार
पद्म विभूषण पाने वालों में सुजुकी के पूर्व प्रमुख ओसामू सुजुकी, लोक गायिका शारदा सिन्हा (मरणोपरांत) और मलयालम लेखक एमटी वासुदेवन नायर (मरणोपरांत) के नाम शामिल हैं। वहीं बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी (मरणोपरांत), अर्थशास्त्री बिबेक देबरॉय और गज़ल गायक पंकज उधास (मरणोपरांत) को पद्म भूषण से नवाजा गया है।
शारदा सिन्हा सहित 7 हस्तियों को पद्म विभूषण
देश का दूसरे सर्वोच्च सम्मान यानी पद्म विभूषण के लिए चयनित हस्तियों में डी. नागेश्वर रेड्डी, जगदीश सिंह खेहर, कुमुदिनी रजनीकांत लाखिया, लक्ष्मीनारायन सुब्रमणियम, एमटी वासुदेवन नायर (मरणोपरांत), ओसामू सुजुकी (मरणोपरांत) और शारदा सिन्हा (मरणोपरांत) के नाम शामिल हैं।
सुशील मोदी सहित 19 दिग्गज पद्म भूषण सम्मान के लिए चयनित
पद्म भूषण के लिए चयनित 19 दिग्गजों में प्रमुख रूप से पीआर श्रीजेश (खेल), पंकज पटेल (उद्योगपति), पंकज उधास (मरणोपरांत), साध्वी ऋतंभरा, सुशील कुमार मोदी (मरणोपरांत), जतिन गोस्वामी, बिबेक देबरॉय (मरणोपरांत), शेखर कपूर (कला) शामिल हैं।
आर अश्विन सहित विभिन्न क्षेत्रों से 113 लोगों को पद्मश्री सम्मान
पद्मश्री पुरस्कारों के लिए 113 लोगों के नामों की घोषणा हुई है, जिनमें प्रमुख रूप से आर अश्विन (पूर्व क्रिकेटर), अरुंधति भट्टाचार्य (एसबीआई की पूर्व अध्यक्ष), पूर्व आईपीएस अधिकारी और महावीर मंदिर ट्रस्ट के संस्थापक किशोर कुमार (मरणोपरांत), बैजनाथ महाराज, कलाकार निर्मला देवी, पवन गोयंका (उद्योग) आदि शामिल हैं। भारत रत्न, पद्म विभूषण और पद्म भूषण के बाद पद्म श्री अवॉर्ड भारत का चौथा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है।
जिन प्रमुख लोगों को पद्म पुरस्कारों को चुना गया, उनमें बिहार के भोजपुर के समाजिक कार्यकर्ता भीम सिंह भवेस हैं। उन्हें पद्मश्री पुरस्कार दिया गया है। उन्हें मुसहर समुदाय के उत्थान के लिए काम करने के लिए यह पुरस्कार दिया गया। वह पिछले 22 वर्षों से नई आशा फाउंडेशन चला रहे हैं। नागालैंड के फल उगाने वाले किसान एल हैंगथींग को पद्मश्री से नवाजा गया है। वह पिछले 30 वर्षों से विशेष फलों की प्रजाति उगा रहे हैं।
सूची में विशिष्ट नाम
- इन पुरस्कारों में गोवा मुक्ति संघर्ष में शामिल रहे 102 वर्षीय लिबिया लोबो सरदेसाई से लेकर माहेश्वरी उद्योग को पुनर्जीवित करने के लिए पांच दशक तक काम करने वाले अमेरिकी मूल के 82 वर्षीय सैली होल्कर के नाम शामिल हैं।
- पद्मश्री पाने वालों में 48 वर्ष की शैखा अज अल-सबाह भी हैं, जिन्होंने में कुवैत में पहला वैध योगा स्टूडियो खोला था।
- ब्राजील के नागरिक जोनास मासेटी भी इस सूची में हैं, जो पेशे से मकैनेकिल इंजीनियर थे और बाद में आध्यात्मिक गुरु बन गए।
- पश्चिम बंगाल के ढाक वादक 57 वर्षीय गोकुल चंद्र डे भी इस सूची में शामिल हैं।
- सुजनी कढ़ाई को जीआई टैग दिलाने में बड़ी भूमिका निभाने वाली निर्मला देवी को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
- ‘द वॉल’ के नाम से मशहूर भारतीय हॉकी टीम के पूर्व गोलकीपर पी आर श्रीजेश को पद्म भूषण दिया गया है।
- तेलुगू स्टार नंदामुरी बालाकृष्ण को पद्म भूषण दिया गया है।
पीएम मोदी ने सभी पद्म पुरस्कार विजेताओं को दी बधाई
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2025 के सभी पद्म पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पुरस्कार विजेता कड़ी मेहनत, जुनून और नवाचार का पर्याय है, जिसने असंख्य लोगों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डाला है।
Congratulations to all the Padma awardees! India is proud to honour and celebrate their extraordinary achievements. Their dedication and perseverance are truly motivating. Each awardee is synonymous with hardwork, passion and innovation, which has positively impacted countless…
— Narendra Modi (@narendramodi) January 25, 2025
पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट करते हुए लिखा – ‘पद्म पुरस्कार विजेताओं को बधाई! भारत को उनकी असाधारण उपलब्धियों का सम्मान करने और उनका जश्न मनाने पर गर्व है। उनका समर्पण और दृढ़ता वास्तव में प्रेरणादायक है। प्रत्येक पुरस्कार विजेता कड़ी मेहनत, जुनून और नवाचार का पर्याय है, जिसने अनगिनत लोगों के जीवन को सकारात्मक रूप से प्रभावित किया है। वे हमें उत्कृष्टता के लिए प्रयास करने और निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा करना सिखाते हैं।’
बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने जताई खुशी
वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोक गायिका शारदा सिन्हा और सुशील कुमार मोदी को पद्म पुरस्कार दिए जाने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘बिहार कोकिला स्व. शारदा सिन्हा जी को कला के क्षेत्र में पद्म विभूषण (मरणोपरांत), स्व. सुशील कुमार मोदी जी को लोक कार्य के क्षेत्र में पद्म भूषण (मरणोपरांत) एवं स्व. आचार्य किशोर कुणाल जी को सिविल सेवा के क्षेत्र में पद्मश्री (मरणोपरांत) का सम्मान मिलना बिहार के लिए गौरव की बात है।’
बिहार कोकिला स्व॰ शारदा सिन्हा जी को कला के क्षेत्र में पद्म विभूषण (मरणोपरांत), स्व॰ सुशील कुमार मोदी जी को लोक कार्य के क्षेत्र में पद्म भूषण (मरणोपरांत) एवं स्व॰ आचार्य किशोर कुणाल जी को सिविल सेवा के क्षेत्र में पद्म श्री (मरणोपरांत) का सम्मान मिलना बिहार के लिए गौरव की बात…
— Nitish Kumar (@NitishKumar) January 25, 2025
उन्होंने लिखा, ‘श्री भीम सिंह भवेश जी को समाज सेवा के क्षेत्र में, डॉ. हेमंत कुमार जी को मेडिसिन के क्षेत्र में, श्रीमती निर्मला देवी जी को कला के क्षेत्र में एवं श्री विजय नित्यानंद सुरीश्वर जी महाराज को आध्यात्म के क्षेत्र में पद्मश्री से सम्मानित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’