Operation Sindhu: भारत ने ईरान से 292 और भारतीयों को निकाला, अबतक 2,200 से अधिक की हुई वतन वापसी

नई दिल्ली, 24 जून। भारत ने मंगलवार को ईरान से अपने नागरिकों को निकालना जारी रखा और अब तक 2,200 से अधिक भारतीयों को फारस की खाड़ी के देश से वापस लाया जा चुका है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि तड़के 3:30 बजे मशहद से नयी दिल्ली पहुंचे एक विशेष विमान से, 292 भारतीय नागरिकों को ईरान से निकालकर स्वदेश लाया गया।

ईरान और इजरायल में शत्रुता के बीच शुरू किए गए भारत के निकासी मिशन ‘ऑपरेशन सिंधु’ के बारे में जानकारी साझा करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘2,295 भारतीय नागरिकों को अब तक ईरान से स्वदेश लाया गया है’’। इसके अलावा, भारतीय वायु सेना के एक सी-17 सैन्य परिवहन विमान ने इजरायल में रह रहे 165 भारतीयों को निकाला।

केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। विमान इसके बाद अम्मान से भारतीयों को वापस लाया। भारतीयों को भूमि सीमा क्रॉसिंग के माध्यम से जॉर्डन ले जाया गया। सोमवार रात को एक विशेष उड़ान से ईरानी शहर मशहद से 290 भारतीय नागरिकों और एक श्रीलंकाई नागरिक को निकाला गया। भारत ने ईरान और इजराइल के बीच बढ़ती शत्रुता को देखते हुए दोनों देशों से भारतीयों को वापस लाने के लिए पिछले सप्ताह ‘ऑपरेशन सिंधु’ शुरू किया था।

इजरायल और ईरान ने एक-दूसरे के शहरों और सैन्य तथा रणनीतिक केंद्रों पर एक सप्ताह से अधिक समय में सैकड़ों मिसाइल और ड्रोन दागे हैं। रविवार सुबह अमेरिका द्वारा ईरान के तीन प्रमुख परमाणु स्थलों पर बमबारी के बाद तनाव काफी बढ़ गया। भारत ने बुधवार से ईरानी शहर मशहद, आर्मेनिया की राजधानी येरेवन और तुर्कमेनिस्तान की राजधानी अश्गाबात से संचालित चार्टर्ड उड़ानों से अपने नागरिकों को निकाला है।

ईरान ने मशहद से तीन चार्टर्ड उड़ानों की सुविधा के लिए शुक्रवार को हवाई क्षेत्र संबंधी प्रतिबंध हटा दिए। पहली उड़ान शुक्रवार देर रात 290 भारतीयों के साथ नई दिल्ली में उतरी, और दूसरी शनिवार दोपहर 310 भारतीयों के साथ राष्ट्रीय राजधानी में उतरी। बृहस्पतिवार को येरेवन से एक और उड़ान आई। अश्गाबात से एक विशेष निकासी विमान शनिवार सुबह नई दिल्ली पहुंचा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular