पहलगाम हमले की पहली बरसी पर पीएम मोदी ने दी पीड़ितों को श्रद्धांजलि, बोले- ‘भारत न झुकेगा..न डरेगा’

नई दिल्ली, 22 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम हमले की पहली बरसी पर पीड़ितों को श्रद्धाजंलि दी। एक वर्ष पहले आज ही के दिन भयाक्रांत कर देने वाले उस आंतकी हमले में कम से कम 26 पर्यटकों की जान चली गई थी।

‘आतंकवादियों के नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे’

पीएम मोदी ने X पोस्ट में कहा, ‘पूरा देश उन परिवारों के साथ खड़ा है, जिनके अपने 22 अप्रैल, 2025 को आतंकवादियों के हाथों मारे गए थे। पिछले वर्ष इसी दिन पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले में जान गंवाने वाले बेकसूर लोगों को याद कर रहा हूं। उन्हें कभी नहीं भुलाया जाएगा। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जो इस गहरे दुख से उबरने की कोशिश कर रहे हैं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘एक राष्ट्र के तौर पर, हम दुख और संकल्प में एकजुट हैं। भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा। आतंकवादियों के नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।’

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- ‘हम उनके जख्मों को कभी नहीं भूलेंगे’

वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी पहलगाम हमले में मारे गए बेकसूर लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने X पर एक पोस्ट में लिखा, ‘22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले में अपनी जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद करते हुए मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हम उनके प्रियजनों और परिवारों के दुख में उनके साथ हैं। हम उन जख्मों को कभी नहीं भूलेंगे।’

‘हमारी एकता तोड़ने की किसी भी कोशिश का पूरी ताकत से दिया जाएगा जवाब’

उन्होंने आगे कहा, ‘भारत ने दशकों तक सीमा पार से होने वाले आतंकवाद का सामना किया है, लेकिन आज हमारी प्रतिक्रिया दृढ़, निर्णायक और अडिग है। अपने दृढ़ संकल्प वाले कदमों से हमने यह साबित कर दिया है कि हमारे लोगों को नुकसान पहुंचाने या हमारी एकता को तोड़ने की किसी भी कोशिश का जवाब पूरी ताकत के साथ दिया जाएगा।’

पहलगाम आतंकी हमले में अब तक 26 पर्यटकों की मौत, सऊदी यात्रा बीच में छोड़कर लौट रहे पीएम मोदी

पिछले वर्ष आज ही के दिन आतंकियों ने कर दी थी 26 निर्दोषों की हत्या

गौरतलब है कि पिछले वर्ष 22 अप्रैल को, दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने धर्म व जाति पूछकर 26 लोगों की हत्या कर दी थी, जिनमें से ज्यादातर पर्यटक थे। इसके जवाब में, भारत ने सात मई को एक सैन्य अभियान चलाया, जिसे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया। उस सैन्य ऑपरेशन में पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद आतंकवादियों के कई ठिकानों पर हमला करके उन्हें तबाह कर दिया गया था।

RELATED ARTICLES

Most Popular