1. Home
  2. राज्य
  3. चैत्र नवरात्र पर CM योगी ने प्रदेशवासियों को लिखी ‘पाती’, कहा- हर क्षेत्र में बेटियों को अवसर मिलना जरूरी
चैत्र नवरात्र पर CM योगी ने प्रदेशवासियों को लिखी ‘पाती’, कहा- हर क्षेत्र में बेटियों को अवसर मिलना जरूरी

चैत्र नवरात्र पर CM योगी ने प्रदेशवासियों को लिखी ‘पाती’, कहा- हर क्षेत्र में बेटियों को अवसर मिलना जरूरी

0
Social Share

लखनऊ, 15 मार्च। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रदेशवासियों को सनातन नव संवत्सर की शुभकामनाएं देते हुए रविवार को कहा कि चैत्र नवरात्र उपासना का पर्व मात्र नहीं, अपितु नारी-शक्ति के वंदन का महापर्व है। मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर ‘योगी की पाती’ शीर्षक से पोस्ट किए गए एक विस्तृत संदेश में प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए कहा, “चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से आरम्भ होने वाला आदिशक्ति की आराधना का पावन पर्व नवरात्र हम सभी के जीवन में भक्ति, शक्ति एवं नवचेतना का संचार करे, इसी मंगलकामना के साथ आप सभी को सनातन नव संवत्सर (विक्रम संवत 2083) की हृदय से शुभकामनाएं।”

उन्होंने प्रदेश के विकास में नारी शक्ति के योगदान का जिक्र करते हुए अपने संदेश में कहा, “विगत नौ वर्षों में हम सभी ने उत्तर प्रदेश को निरंतर संवरते देखा है। संकल्प से सिद्धि की गौरवमयी यात्रा में प्रदेश के हर वर्ग ने योगदान दिया। वर्ष 2017 से पूर्व के कालखंड के तम से उबरकर उपद्रव से उत्सव प्रदेश के नवनिर्माण में नारी शक्ति का योगदान अतुलनीय है।” मुख्यमंत्री ने इसी संदेश में कहा कि चैत्र नवरात्र उपासना का पर्व मात्र नहीं, बल्कि नारी-शक्ति के वंदन का महापर्व है। उन्होंने कहा कि वह समाज तथा प्रदेश सशक्त बनता है, जहां बेटियां समर्थ होती हैं। आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य एवं केंद्र की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से यह सुनिश्चित किया है कि नारी शक्ति का मान रहे, बेटियों को उनके सपनों का आसमान मिले और मातृशक्ति को सम्मान मिले।

उन्होंने कहा कि ‘मिशन शक्ति’ अभियान, रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना, महिला उद्यमी क्रेडिट कार्ड योजना तथा प्रदेश के लगभग 20 हजार स्टार्ट-अप में से आधे का नेतृत्व नारी-शक्ति द्वारा किया जाना, ये सभी सकारात्मक परिवर्तन के सशक्त उदाहरण हैं। आदित्यनाथ ने हर क्षेत्र में बेटियों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा, “विकसित प्रदेश के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए यह स्वर्णिम यात्रा निरंतर गतिशील रहे, इसके लिए आवश्यक है कि प्रत्येक प्रदेशवासी हर क्षेत्र में बेटियों को भी आगे बढ़ने के लिए बेटों के समान अवसर प्रदान करने का संकल्प ले।”

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code