1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल-19 : SRH ने PBKS से छीना शीर्ष स्थान, कोनोली के तूफानी शतक के बावजूद पंजाब की लगातार तीसरी हार
आईपीएल-19 : SRH ने PBKS से छीना शीर्ष स्थान, कोनोली के तूफानी शतक के बावजूद पंजाब की लगातार तीसरी हार

आईपीएल-19 : SRH ने PBKS से छीना शीर्ष स्थान, कोनोली के तूफानी शतक के बावजूद पंजाब की लगातार तीसरी हार

0
Social Share

हैदराबाद, 6 मई। मौजूदा सत्र के शुरुआती सात मैचों में अपराजेय रहे पंजाब किंग्स (PBKS) को बुधवार की रात न सिर्फ लगातार तीसरी पराजय झेलनी पड़ी बल्कि उसने टाटा इंडियन प्रीमयर लीग (IPL-19) की अंक तालिका में पहली बार अपना शीर्ष क्रम भी गंवा दिया। इस क्रम में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) 33 रनों की प्रभावी जीत के सहारे पहली बार शीर्ष पर जा पहुंचा।

लचर फील्डिंग के बीच क्लासेन व किशन के पचासों से 235 रनों तक पहुंचे मेजबान

दरअसल, उप्पल स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में पहले फील्डिंग का फैसला करने वाले पंजाब किंग्स को कैच टपकाने का खामियाजा भुगतना पड़ा क्योंकि हैदराबादी टीम हेनरिच क्लासेन (69 रन, 43 गेंद, चार छक्के, तीन चौके) और ईशान किशन (55 रन, 32 गेंद, चार छक्के, दो चौके) के आक्रामक अर्धशतकीय प्रहारों की मदद से चार विकेट पर ही 235 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा करने में सफल हो गई।

पैट कमिंस एंड कम्पनी ने पंजाब किंग्स की शुरुआत बिगाड़ी

मजबूत लक्ष्य के सामने विपक्षी कप्तान पैट कमिंस (2-34) ने साथी गेंदबाजों संग मिलकर पंजाब किंग्स की शुरुआत बिगाड़ दी, जब ओपनरद्वय प्रियांश आर्य (एक रन) व प्रभसिमरन सिंह (तीन रन) के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर (पांच रन, पांच गेंद, एक चौका) के रूप में शीर्ष तीन बल्लेबाज चौथे ओवर तक 23 रनों के भीतर ही लौट गए।

कूपर के शतकीय प्रयास के बावजूद 202 तक जा सके मेहमान

हालांकि इसके बाद कूपर कोनोली ने तूफानी शतकीय प्रहार (नाबाद 107 रन, 59 गेंद, आठ छक्के, सात चौके) ठोका,  लेकिन उनका प्रयास निरर्थक साबित हुआ क्योंकि उनके अलावा सिर्फ मार्कस स्टोइनिस (28 रन, 14 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) व सूर्यांश शेडगे (25 रन, 17 गेंद, दो छक्के, एक चौका) ही 20 के ऊपर जा सके और मेहमान दल सात विकेट पर 202 रनों तक जाकर ठहर गया।

सनराइजर्स ने पंजाब किंग्स से चुकाया हिसाब, अब प्लेऑफ से एक जीत दूर

दिलचस्प यह है कि सनराइजर्स ने इस जीत के साथ ही पंजाब किंग्स से पिछला हिसाब चुका लिया, जिसने गत 11 अप्रैल को घरेलू मैदान (न्यू चंडीगढ़) पर एसआरएच से पहली मुलाकात छह विकेट से अपने नाम की थी। अब हैदराबादी टीम 11 मैचों में सातवीं जीत से 14 अंक लेकर अंक तालिका में शीर्ष पर जा पहुंची है और बचे तीन मैचों में एक जीत से उसका फ्लेऑफ का टिकट पक्का हो सकता है।

पंजाब किंग्स की उप्पल में लगातार नौवीं हार

वहीं पंजाब किंग्स की बात करें तो उसे उप्पल में लगातार नौवीं हार का स्वाद चखने को बाध्य होना पड़ा। इस प्रकार 10 मैचों में छह जीत व केकेआर के खिलाफ बारिश बाधित मैच से मिले एक अंक के बाद लगातार तीसरी हार के चलते श्रेयस एंड कम्पनी 13 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पिछड़ गई है।

स्कोर कार्ड

कठिन लक्ष्य के सामने पंजाब किंग्स की पारी देखें तो सपाट विकेट पर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ पैट कमिंस व ईशान मलिंगा (1-34) ने विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। दोनों ने इस क्रम में 21 डॉट गेंदें फेंकीं। देखा जाए तो पंजाब की शुरुआत बेहद खराब रही, जब चार रन के स्कोर पर उसके दो बल्लेबाज पैवेलियन में थे। प्रियांश को कमिंस ने लौटाया तो प्रभसिमरन सिंह ने नीतीश कुमार रेड्डी (1-11) की गेंद पर कमिंस को कैच थमाया। वहीं चौथे ओवर में कप्तान श्रेयस अय्यर भी मलिंगा के शिकार हो गए।

कोनोली ने यान्सेन संग सातवें पर पर जोड़े 68 रन

इसके पाद कूपर कोनोली ने मोर्चा संभाला, जिन्होंने न सिर्फ आईपीएल में अपना पहला शतक जड़ा वरन स्टोइनिस व सूर्यांश संग क्रमशः 40 व 47 रनों की साझेदारियों से स्कोर 100 के पार पहुंचाया। फिर मार्को यान्सेन (19 रन, 16 गेंद, एक छक्का) के साथ सातवें विकेट के लिए 40 गेंदों पर 68 रनों की सबसे बड़ी भागीदारी भी की। लेकिन इस क्रम में वह सिर्फ टीम की पराजय का अंतर कम कर सके। कमिंस के अलावा शिवांग कुमार ने भी 45 रन खर्च कर दो विकेट लिए।

अभिषेक व ट्रैविस हेड ने 21 गेंदो पर ठोक दिए 54

इसके पूर्व हैदराबाद यदि बड़ा स्कोर बनाने में सफल रहा तो इसके लिए पंजाब का लचर क्षेत्ररक्षण कसूरवार रहा। इस क्रम में ईशान और क्लासेन के कैच तीन बार छूटे जबकि प्रभसिमरन ने स्टम्पिंग का मौका भी गंवाया। फिलहाल ओपनर द्वय अभिषेक शर्मा (35 रन, 13 गेंद, चार छक्के, दो चौके) व ट्रैविस हेड (38 रन, 19 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) ने अर्शदीप सिंह (1-43) और मार्को यान्सेन (0-63) की गेंदों की धुनाई करते हुए 21 गेंदों पर ही 54 रन ठोक दिए।

क्लासेन ने ईशान व नीतीश संग कीं विस्फोटक अर्धशतकीय भागीदारियां

फिर बारी आई क्लासेन व ईशान की, जिन्होंने जीवनदान का फायदा उठाते हुए न सिर्फ अर्धशतक जमाए वरन 48 गेंदों पर 88 रनों की विस्फोटक भागीदारी कर दी। नीतीश ने भी तेज हाथ दिखाते हुए 13 गेंदों पर दो छक्कों व दो चौकों की मदद से नाबाद 29 रनों का अंशदान किया और पारी की अंतिम गेंद पर आउट होने वाले क्लासेन संग 32 गेंदों पर 63 रन उड़ा दिए। पंजाब के लिए अर्शदीप के अलावा लॉकी फर्ग्युसन, युजवेंद्र चहल व विजयकुमार विशाक ने भी एक-एक सफलता पाई।

गुरुवार का मैच : लखनऊ सुपर जाएंट्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (लखनऊ, शाम 7.30 बजे)।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code