1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. बिहार : लोकसभा चुनाव से पहले नीतीश कैबिनेट का विस्तार, 21 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ
बिहार : लोकसभा चुनाव से पहले नीतीश कैबिनेट का विस्तार, 21 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

बिहार : लोकसभा चुनाव से पहले नीतीश कैबिनेट का विस्तार, 21 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

0
Social Share

पटना, 15 मार्च। लोकसभा चुनाव से पहले बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने शुक्रवार की शाम राजभवन में आयोजित समारोह में कुल 21 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई है। इसके साथ ही नीतीश की कैबिनेट में दो डिप्टी सीएम सहित कुल 29 मंत्री हो गए हैं।

मंत्रिमंडल विस्तार में जातीय समीकरणों का पूरा ध्यान रखा गया

मंत्रिमंडल विस्तार में जेडीयू के नौ और भाजपा के 12 विधायकों को शामिल किया गया है। मंत्रिमंडल विस्तार में जातीय समीकरणों का पूरा ध्यान रखा गया है। इसमें छह सवर्ण, छह दलित (SC), चार अति पिछड़ा (OBC), चार पिछड़ा (BC) और एक मुस्लिम शामिल हैं।

नीतीश कैबिनेट में अब तीन महिला मंत्री

पूर्व उप मुख्यमंत्री रेणु देवी, जदयू कोटे से पूर्व मंत्री रह चुकीं लेसी सिंह और शीला मंडल को भी राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने मंत्री पद की शपथ दिलाई। इसके साथ ही बिहार सरकार में महिला मंत्रियों की संख्या तीन हो गई।

इन विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

रेणु देवी, मंगल पांडे, नीरज कुमार सिंह, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मदन सहनी, नीतीश मिश्रा, नितीन नबीन, डॉ. दिलीप जायसवाल, महेश्वर हजारी, शीला कुमारी, सुनील कुमार, जनक राम, हरि सहनी, कृष्णनंदन पासवान, जयंत राज, मोहम्मद जमा खान, रत्नेश सदा, केदार प्रसाद गुप्ता, सुरेंद्र मेहता व संतोष सिंह।

नीतीश के साथ 2 डिप्टी सीएम सहित 8 मंत्रियों ने ली थी शपथ

उल्लेखनीय है कि गत 28 जनवरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महागठबंधन से नाता तोड़कर इस्तीफा दे दिया था और उसी दिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली थी। इस वक्त उनके साथ भाजपा नेता सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली थी।

इसके अलावा, भाजपा कोटे से एक, जनता दल यूनाईटेड के तीन और जीतनराम मांझी की पार्टी हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के एक मंत्री और इकलौते निर्दलीय विधायक ने मंत्री पद ने शपथ ली थी। मंत्रिमंडल विस्तार के बारे में काफी समय से अटकले लगाई जा रही थीं।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code