नितिन नबीन की नई टीम के साथ पहली बैठक, 2029 लोकसभा और 7 राज्यों के चुनावों पर मंथन

नई दिल्ली, 22 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ पहली बैठक शुरू की। दिनभर चलने वाली इस संगठनात्मक बैठक में नई टीम का परिचय, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर देशभर में प्रस्तावित कार्यक्रमों और संगठन से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।

नवनियुक्त पदाधिकारियों से नितिन नवीन करेंगे संवाद

बैठक के दौरान नितिन नबीन नवनियुक्त पदाधिकारियों का एक-दूसरे से परिचय कराएंगे और पार्टी की अपेक्षाओं को लेकर उनसे संवाद करेंगे। इसे भाजपा के नए पदाधिकारियों की नई जिम्मेदारियों की औपचारिक शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, पदाधिकारियों को उनकी भूमिकाओं और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। संगठन के कामकाज को प्रभावी बनाने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर सक्रियता और मीडिया से बेहतर संवाद पर भी जोर दिए जाने की संभावना है।

कार्यकर्ताओं और जनता से संपर्क पर जोर

बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ नियमित और सार्थक संवाद बनाए रखने पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। इसके अलावा पदाधिकारियों से लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और उनके समाधान की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा जा सकता है। हर पदाधिकारी को सौंपे गए क्षेत्र और जिम्मेदारियों की भी समीक्षा की जाएगी। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और पार्टी के विभिन्न स्तरों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर रहेगा।

सात राज्यों के विधानसभा चुनाव और 2029 की तैयारी

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में अगले साल होने वाले सात राज्यों के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए नई टीम की जिम्मेदारियों और पार्टी की रणनीति पर चर्चा हो सकती है। इसके साथ ही 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन की दीर्घकालिक प्राथमिकताओं पर भी मंथन किए जाने की संभावना है। नितिन नवीन भाजपा के प्रदेश अध्यक्षों, संगठनात्मक महासचिवों, प्रभारियों और सह-प्रभारियों के साथ भी बैठक करेंगे। इन बैठकों में राज्यों में संगठन की स्थिति और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हो सकती है।

नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर कार्यक्रम

बैठकों के प्रमुख एजेंडे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना भी शामिल है। नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद वह लगातार सार्वजनिक पद पर रहे हैं। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने से पहले उन्होंने करीब 13 वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया।

65 सदस्यीय नई टीम में 51 नए चेहरे

भाजपा ने 17 अगस्त को नितिन नबीन के नेतृत्व में 65 सदस्यीय नई टीम की घोषणा की थी। पार्टी की नई टीम में 51 नए चेहरे शामिल हैं। इसे संगठन में बड़े विस्तार और फेरबदल के तौर पर देखा जा रहा है। नई टीम के साथ हो रही बैठकों को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इनके जरिए पार्टी की आगामी संगठनात्मक और चुनावी रणनीति की दिशा तय हो सकती है। विधानसभा चुनावों से लेकर 2029 के लोकसभा चुनाव तक भाजपा की तैयारियों में नई टीम की भूमिका अहम रहने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular