बिहार में दर्दनाक सड़क हादसा: भीड़ में घुसी तेज रफ्तार बस, पांच की मौत, कई अन्य घायल

बेतिया, 22 अगस्त। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा लौरिया थाना क्षेत्र में एनएच-727 पर बनकटवा के पास हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार शाही ट्रेवल्स की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मौजूद लोगों की भीड़ में जा घुसी।

छठियार समारोह में चल रहा था आर्केस्ट्रा कार्यक्रम

जानकारी के मुताबिक, बनकटवा में एक घर में छठियार समारोह का आयोजन किया गया था। समारोह में लोगों के मनोरंजन के लिए सड़क किनारे पंडाल लगाकर डीजे और आर्केस्ट्रा कार्यक्रम कराया जा रहा था। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद थे। इसी बीच गोरखपुर से बेतिया जा रही शाही ट्रेवल्स की बस अचानक अनियंत्रित हो गई। बस सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचलते हुए आगे निकल गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

पांच लोगों की मौके पर मौत

हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान देवेंद्र दूबे, संजय महतो, बहादुर महतो, भोला दूबे और छांगुर राम के रूप में हुई है। हादसे में कई अन्य लोगों के घायल होने की भी सूचना है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजने का प्रयास किया।

कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची

हादसे की सूचना मिलते ही लौरिया थाना पुलिस समेत कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और स्थानीय लोगों को समझाकर शांत कराया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बेतिया स्थित जीएमसीएच भेज दिया गया है।

आक्रोशित लोगों ने बसों और वाहनों में की तोड़फोड़

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने कई बसों के शीशे तोड़ दिए। इसके अलावा पंडाल और कुछ वाहनों को भी क्षतिग्रस्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद इलाके में शोक और तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बस चालक की क्या भूमिका रही, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular