1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. नितिन नबीन भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त, बिहार सरकार में हैं मंत्री
नितिन नबीन भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त, बिहार सरकार में हैं मंत्री

नितिन नबीन भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त, बिहार सरकार में हैं मंत्री

0
Social Share

नई दिल्ली, 14 दिसम्बर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला करते हुए बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति को बिहार के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति में भाजपा की रणनीतिक मजबूती के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व ने उनके संगठनात्मक अनुभव, जमीनी पकड़ और प्रशासनिक क्षमता को देखते हुए यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।

भाजपा के सबसे कम उम्र अध्यक्ष हैं नितिन नबीन

45 वर्षीय नितिन नबीन भाजपा के सबसे कम उम्र के अध्यक्ष बने हैं। यह नियुक्ति 14 दिसम्बर, 2025 से तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। इस संबंध में पार्टी की ओर से औपचारिक संगठनात्मक आदेश जारी किया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह नियुक्ति भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड द्वारा की गई है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि नितिन नबीन, जो वर्तमान में बिहार सरकार में मंत्री हैं, अब राष्ट्रीय स्तर पर संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालेंगे।

बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं सड़क निर्माण मंत्री नितिन नबीन

बिहार की नीतीश सरकार में सड़क निर्माण मंत्री नितिन नबीन वर्तमान में पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। नबीन छात्र राजनीति से लेकर संगठन के विभिन्न पदों तक का सफर तय कर चुके हैं। उनकी पहचान एक अनुशासित संगठनकर्ता और तेज फैसले लेने वाले नेता के रूप में रही है। बिहार भाजपा में वह कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं, जिनमें प्रदेश स्तर पर संगठन को मजबूत करने की भूमिका भी शामिल है।

पूर्व विधायक नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के बेटे हैं नितिन

पटना में जन्मे नितिन नबीन के पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक रहे हैं। पिता के निधन के बाद नितिन नबीन ने सक्रिय रूप से चुनावी राजनीति में कदम रखा और जल्द ही अपनी अलग पहचान बनाई। राजनीति में आने से पहले वह भारतीय जनता युवा मोर्चा में भी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं, जहां से उनके संगठनात्मक कौशल को पहचान मिली।

पहली बार 2006 में उपचुनाव में जीते थे

नितिन नबीन पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांच बार से निर्वाचित होते आ रहे हैं। उन्होंने पहली बार 2006 के उपचुनाव में जीत दर्ज की थी। इसके बाद वे 2010, 2015, 2020 और 2025 के विधानसभा चुनावों में भी लगातार विजयी रहे। 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने 98,299 वोट हासिल कर आरजेडी उम्मीदवार रेखा कुमारी को 51,936 वोटों के बड़े अंतर से हराया, जो उनकी अब तक की सबसे बड़ी जीत थी।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code