न्यूजीलैंड ने फिर रचा इतिहास, भारत में पहली बार जीती एक दिनी सीरीज, अंतिम मैच में टीम इंडिया 41 रनों से परास्त
इंदौर, 18 जनवरी। होल्कर स्टेडियम में रविवार को तीन शतकीय प्रहारों के बीच रनों की खूब बारिश हुई। एक तरफ डेरिल मिचेल (137 रन, 131 गेंद, तीन छक्के, 15 चौके) व ग्लेन फिलिप्स (106 रन, 88 गेंद, तीन छक्के, नौ चौके) ने मेजबान गेंदबाजों की कड़ी परीक्षा ली तो कठिन लक्ष्य के सामने अन्य दिग्गजों की असफलता के बाद किंग कोहली (124 रन, 108 गेंद, तीन छक्के, 10 चौके) ने अकेले मोर्चा संभाला। लेकिन कोहली के अलावा नीतीश कुमार रेड्डी व हर्षित राणा के अर्धशतकीय प्रयास अंतत: नाकाफी रहे और न्यूजीलैंड ने तीसरे व अंतिम मैच में टीम इंडिया को 41 रनों से हराकर एक दिनी सीरीज पर 2-1 से अपना नाम लिखाने के साथ एक बार फिर इतिहास सृजन कर दिया।
Two great New Zealanders 🤝#INDvNZ pic.twitter.com/YQ8aE5T32D
— BLACKCAPS (@BLACKCAPS) January 18, 2026
मिचेल व फिलिप्स के सैकड़ों के सामने कोहली का शतकीय प्रयास निरर्थक
दरअसल, कीवी टीम ने भारतीय धरती पर टेस्ट सीरीज के बाद अब 37 वर्षों में पहली बार वनडे सीरीज भी जीत ली है। इससे पहले न्यूजीलैंड ने यहां 1989 से अब तक सात द्विपक्षीय वनडे सीरीज खेली थी और उसे सभी में हार का सामना करना पड़ा था। वहीं भारत की बात करें तो मार्च, 2019 के बाद यानी पिछले सात वर्षों से वह अपने घरेलू मैदान पर कोई द्विपक्षीय वनडे सीरीज नहीं हारा था। तब ऑस्ट्रेलिया ने 0-2 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए सीरीज 3-2 से जीती थी।
New Zealand register a 41-run victory in the decider and win the series 2-1
Scorecard ▶️ https://t.co/KR2ertVUf5#TeamIndia | #INDvNZ | @IDFCFIRSTBank pic.twitter.com/JuuARZ4y53
— BCCI (@BCCI) January 18, 2026
कीवियों ने 2024 में टेस्ट सीरीज में भी क्लीन स्वीप से रचा था इतिहास
गौरतलब है कि नवम्बर, 2024 न्यूजीलैंड ने भारतीय धरती पर पहली बार कोई टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप (3-0) के साथ भी इतिहास रचा था। उसके पहले कोई भी मेहमान प्रतिद्वंद्वी भारत के खिलाफ उसके घर में क्लीन स्वीप हासिल नहीं कर सका था। तब टॉम लाथम की अगुआई में कीवियों ने रोहित शर्मा एंड कम्पनी का 3-0 के अंतर से पूर्ण सफाया किया था।
Another special knock from Daryl Mitchell 🤯#INDvNZ | 📸 BCCI pic.twitter.com/AT4jL5Okg1
— BLACKCAPS (@BLACKCAPS) January 18, 2026
मिचेल व फिलिप्स ने चौथे विकेट पर जोड़े 219 रन
मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी पर बाध्य न्यूजीलैंड ने लगातार दूसरा शतक जड़ने वाले डेरिल मिचेल व ग्लेन फिलिप्स के बीच चौथे विकेट के लिए हुई 219 रनों की बहुमूल्य भागीदारी से आठ विकेट पर 337 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में खराब शुरुआत के बाद कोहली, नीतीश रेड्डी (53 रन, 57 गेंद, दो छक्के, दो चौके) व हर्षित राणा (52 रन, 43 गेंद, चार छक्के, चार चौके) के संघर्षों के बावजूद मेजबान दल 46 ओवरों में 296 रनों पर सीमित हो गया।
भारत की दयनीत शुरुआत
दरअसल, भारतीय टीम की शुरुआत ही खराब हो गई, जब जैक फोक्स (3-77) व काइल जैमिसन (1-58) के सामने रोहित शर्मा (11 रन, 13 गेंद, दो चौके) और कप्तान शुभमन गिल (23 रन, 18 गेंद, चार चौके) सस्ते में लौट गए। उधर क्रिस्टियन क्लार्क (3-54) व जेडन लेनोक्स (2-42) ने श्रेयस अय्यर (तीन रन) व केएल राहुल (एक रन) को निबटा दिया (4-71)।
What a game here in Indore!
Foulkes, Jamieson, Clarke and Lennox all getting into the wickets early.
Watch all the action live in NZ on Sky Sport.#INDvNZ | 📸 BCCI pic.twitter.com/M3LgpdbcWJ
— BLACKCAPS (@BLACKCAPS) January 18, 2026
कोहली ने जड़ा वनडे करिअर का 54वां शतक
इसके बाद कोहली ने न सिर्फ 91 गेंदों पर वनडे करिअर का 54वां और न्यूजीलैंड के खिलाफ रिकॉर्ड सातवां शतक ठोका वरन नीतीश के साथ पांचवें विकेट के लिए 88 और हर्षित संग सातवें विकेट के लिए 99 रनों की दो अहम साझेदारियां भी कीं। इन दोनों साझेदारियों ने भारत को जीत की सुगंध दी थी, जो विराट के नौवें विकेट के रूप में आउट होने के साथ ही समाप्त हो गई।
Records keep tumbling 👑@imVkohli | #TeamIndia | #INDvNZ pic.twitter.com/NPmNWWlDnG
— BCCI (@BCCI) January 18, 2026
मिचेल व फिलिप्स ने मेजबान गेंदबाजों के कसबल ढीले किए
इसके पूर्व अर्शदीप सिंह (3-63) व हर्षित राणा (3-84) ने कीवी पारी की शुरुआत बिगाड़ी और 13वें ओवर तक 58 रनों के भीतर दोनों ओपनरों सहित शीर्ष तीन बल्लेबाजों को लौटा दिया। इनमें विल यंग का 30 रनों (41 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) का अंशदान था। लेकिन इसके बाद मिचेल व फिलिप्स ने तूफानी प्रहारों से मेजबान गेंदबाजों के कसबल ढीले कर दिए।
अर्शदीप ने 44वें ओवर में फिलिप्स को लौटाकर मैराथन भागीदारी तोड़ी तो अगले ही ओवर में मो. सिराज ने मिचेल की पारी पर पूर्ण विराम लगाया। फिलहाल कप्तान मिचेल ब्रेसवेल (नाबाद 28 रन, 18 गेंद, तीन छक्के, एक चौका) ने तेज हाथ दिखाते हुए पुछल्लों के साथ मिलकर दल को सवा तीन सौ के पार पहुंचा दिया।
डेरिल मिचेल बने ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’
डेरिल मिचेल को तीसरे मैच में शानदार बल्लेबाजी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और सीरीज में बल्ले से दमदार प्रदर्शन की सहारे ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया। उन्होंने तीन मैचों में दो शतक सहित कुल 352 रन बनाए।
