1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. ड्रग्स केस में नवाब मलिक का नया प्रहार, बोले – धन उगाही में मोहित कंबोज है वानखेड़े का पार्टनर
ड्रग्स केस में नवाब मलिक का नया प्रहार, बोले – धन उगाही में मोहित कंबोज है वानखेड़े का पार्टनर

ड्रग्स केस में नवाब मलिक का नया प्रहार, बोले – धन उगाही में मोहित कंबोज है वानखेड़े का पार्टनर

0
Social Share

मुंबई, 7 नवंबर। क्रूज ड्रग्स केस की जांच प्रक्रिया किस करवट बैठेगी, यह तो वक्त बताएगा। फिलहाल महाराष्ट्र सरकार के मंत्री व राष्ट्रवादी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नवाब मलिक ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) मुंबई के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े पर नया प्रहार करते हुए अब मोहित कंबोज को उनके धन उगाही अभियान का साझीदार बताया है। ज्ञातव्य है कि तमाम आरोपों में घिरने के बाद वानखेड़े को ड्रग्स केस की जांच प्रक्रिया से अलग किया जा चुका है।

नवाब मलिक ने रविवार को पूर्वाह्न मीडिया के सामने क्रूज ड्रग्स से जुड़े कई बड़े दावे करते हुए आरोप लगाया कि मोहित कंबोज पर 1,100 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी का आरोप था। वह पहले कांग्रेस नेताओं के पीछे-पीछे था, लेकिन सरकार बदलने के बाद वो भाजपा का करीबी बन गया।

मोहित ने सुनील पाटिल को इस केस का मास्टरमाइंड बताया था

गौरतलब है कि मोहित कंबोज ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस सुनील पाटिल नाम के शख्स को इस केस का मास्टरमाइंड बताया था। मोहित ने पाटिल को एनसीपी नेताओं का करीबी भी बताया था।

कंबोज और समीर वानखेड़े के बीच अच्छे रिश्ते

मलिक ने आरोप लगाया, ‘मोहित कंबोज और समीर वानखेड़े के बीच अच्छे रिश्ते हैं। कंबोज 11 होटल चलाता है। हमने पहले भी कहा था कि कंबोज और वानखेड़े के रिश्ते हैं। जल्द ही इनकी मीटिंग के वीडियो जारी करेंगे। वानखेड़े का एक ही खेल है कि ड्रग का धंधा चलता रहे। ड्रग माफिया को संरक्षण दिया जाए और उनसे उगाही की जाए। फिल्म जगत के लोगों को डराया जाए और उनसे हजारों करोड़ की उगाही की जाए। ये खेल वानखेड़े खेल रहे हैं।’

आर्यन को किडनैप किया गया और 25 करोड़ की फिरौती मांगी गई

एनसीपी नेता ने यह भी आरोप लगाया कि यह पूरा मामला अपहरण और फिरौती का है। आर्यन खान खुद टिकट खरीदकर क्रूज पर नहीं गए थे। उन्हें वहां प्रतीक गाबा और आमिर फर्नीचरवाला लेकर आए थे। वहां से आर्यन खान को किडनैप किया गया और 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई। मोहित कंबोज फिरौती मांगने में वानखेड़े का पार्टनर है।

सुनील पाटिल भी वानखेड़े की प्राइवेट आर्मी का प्लेयर

मलिक ने स्पष्ट किया कि सुनील पाटिल से उनकी कभी मुलाकात नहीं हुई और न ही वो एनसीपी से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि पाटिल के फोटो गृहमंत्री अमित शाह के साथ हैं। मनीश भानुशाली के फोटो प्रधानमंत्री के साथ हैं। हम तस्वीरों पर आरोप नहीं लगा रहे हैं, लेकिन सुनील पाटिल भी फ्रॉड है और वानखेड़े की प्राइवेट आर्मी का प्लेयर है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code