भारत-पाक तनाव के बीच राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड पुनर्गठित, पूर्व रॉ चीफ आलोक जोशी को सौंपी गई कमान
नई दिल्ली, 30 अप्रैल। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में गत 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार लगातार एक्शन मोड में है। इस क्रम में उच्चस्तरीय बैठकों के बीच केंद्र सरकार ने आज राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड का पुनर्गठन कर दिया। पूर्व रॉ प्रमुख आलोक जोशी को इस बोर्ड की कमान सौंपी गई है।
आलोक जोशी को देश की सुरक्षा से जुड़े मामलों की गहरी समझ
उल्लेखनीय है कि आलोक जोशी को देश की सुरक्षा से जुड़े मामलों की गहरी समझ और जानकारी है। उन्होंने 2012 से 2014 तक रॉ के प्रमुख के रूप में कार्य किया था। इसके बाद 2015 से 2018 तक एनटीआरओ के चेयरमैन के रूप में भी सेवा दी। उन्होंने पाकिस्तान और नेपाल में कई महत्वपूर्ण ऑपरेशन्स को अंजाम देने में अहम भूमिका भी निभाई है।
बोर्ड में सात सदस्यों को शामिल किया गया है
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड में सात सदस्यों को शामिल किया गया है, जिनमें तीन सेना से रिटायर अधिकारी, दो रिटायर आईपीएस अधिकारी और एक भारतीय विदेश सेवा से रिटायर अधिकारी हैं। इसमें वेस्टर्न एयर कमान के पूर्व चीफ एयर मार्शल पीएम सिन्हा, सदर्न आर्मी कमान के पूर्व चीफ लेफ्टिनेंट जनरल एके सिंह और रिटायर रियर एडमिरल मॉन्टी सन्ना को सदस्य नियुक्त किया गया है।
वहीं, भारतीय पुलिस सेवा से रिटायर राजीव रंजन वर्मा और मनमोहन सिंह को भी इस बोर्ड में शामिल किया गया है। इसके साथ ही विदेश सेवा के पूर्व अधिकारी बी. वेंकटेश वर्मा को भी इसका सदस्य बनाया गया है।
