दिल्ली दंगे के मामले में फेसबुक 18 नवंबर को दिल्‍ली सरकार के समक्ष पेश होगा

नई दिल्ली, 2 नवम्बर। दिल्ली दंगो को लेकर फेसबुक इंडिया 18 नवंबर को दिल्‍ली सरकार के सामने पेश होकर अपना पक्ष रखेगा। फ़ेसबुक ने ईमेल के ज़रिये दिल्ली विधानसभा की शांति और सद्भाव समिति से 14 दिन का समय मांगा है। फ़ेसबुक का कहना है कि वो कमिटी के सामने पेश होने और बयान देने के लिये उचित अधिकारियों का चयन कर रहे है। फ़ेसबुक की इस अपील को स्वीकार करते हुये समिति के अध्यक्ष राघव चड्ढा ने फ़ेसबुक को अब 18 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे समिति के सामने पेश होने को कहा है।

दिल्ली विधानसभा की शांति और सद्भाव संबंधी समिति ने राघव चड्ढा की अध्यक्षता में 27 अक्टूबर को फेसबुक इंडिया ऑनलाइन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड को नोटिस जारी किया था। फेसबुक प्रतिनिधियों को दो नवंबर को दोपहर 12.30 बजे समिति के समक्ष उपस्थित होने के लिए समन जारी किया गया था। दिल्ली में फरवरी 2020 में हुई सांप्रदायिक हिंसा की समिति जांच कर रही है, ताकि हालात को शांत करने और धार्मिक समुदायों, भाषाई समुदायों या सामाजिक समूहों के बीच सद्भाव बहाल करने के लिए उपयुक्त उपायों की सिफारिश की जा सके।

ग़ौरतलब है कि नागरिकता संशोधन कानून के समर्थकों और उसके विरोधियों के बीच पिछले साल फरवरी में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में सांप्रदायिक हिंसा हुई थी। इस हिंसा में 53 लोग मारे गए और छह सौ से अधिक लोग लोग घायल हुए थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular