Mushtaq Khan Death: ‘वेलकम’ के बल्लू नहीं रहे, 56 साल की उम्र में मुश्ताक खान का निधन

मुंबई, 25 सितंबर: हिंदी सिनेमा के मशहूर अभिनेता और कॉमेडियन मुश्ताक खान का गुरुवार, 24 सितंबर को निधन हो गया। वह 56 वर्ष के थे। लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे मुश्ताक खान का मुंबई के नानावती अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनके निधन की पुष्टि फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के अध्यक्ष बीएन तिवारी और अन्य फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने की।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुश्ताक खान को करीब पांच साल पहले कैंसर का पता चला था। हाल में बीमारी दोबारा उभरने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके बिजनेस पार्टनर के मुताबिक, उन्होंने गुरुवार शाम करीब 7 बजे अंतिम सांस ली। मुश्ताक खान के निधन के बाद राजपाल यादव और अनुपमखेर समेत कई सितारों ने उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दी है और सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा किए हैं।

राजपाल यादव बोले- ‘यकीन नहीं हो रहा’

मुश्ताक खान के निधन पर राजपाल यादव ने इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट साझा किया है। उन्होंने अभिनेता से अपनी आखिरी मुलाकात का जिक्र किया है, जो उनके निधन से कुछ घंटे पहले ही की थी। राजपाल ने लिखा है, ‘मैं आज दोपहर में मुश्ताक भाई से मिलने गया था। उनसे बातें कीं, उन्होंने मुझे देखा, मुझसे हाथ भी मिलाया और हमारी सारी बातें वह सुन रहे थे। रिएक्ट भी कर रहे थे। मुझे तो अभी भी यकीन नहीं हो रहा की दो घंटे पहले मैं जिनसे मिला, जिनसे हाथ मिलाया, वो अब हमारे बीच नहीं है। ऊपर वाले के फैसले के आगे हम सब नतमस्तक हैं। मुश्ताक भाई हमेशा एक लोकप्रिय इंसान और अभिनेता थे, हैं और रहेंगे। आपको बड़े दुखी हृदय के साथ भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं’।

निर्देशक अनिल शर्मा ने दी श्रद्धांजलि

निर्देशक अनिल शर्मा ने पोस्ट साझा किया है। उन्होंने लिखा है, ‘कितने लम्हे संग गुजारे। कितनी फिल्मे साथ में की। उफ्फ… इतनी जल्दी मुश्ताक भाई चले जाएंगे .. उसके बारे में सुनकर दुख हुआ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति दे’।

सनी देओल ने किया याद

सनी देओल ने लिखा है, ‘मुश्ताक खान के बारे में सुनकर बेहद दुख हुआ। वे बहुत उम्दा इंसान और शानदार कलाकार थे। उनके साथ की बेहद खूबसूरत यादें हैं। उनके परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। इस मुश्किल समय में उन्हें हिम्मत मिले’।

‘वेलकम’ के बल्लू किरदार से मिली खास पहचान

मुश्ताक खान ने अपने लंबे करियर में कई फिल्मों में सपोर्टिंग और कॉमिक किरदार निभाए। हालांकि, 2007 में रिलीज हुई अक्षय कुमार, कैटरीना कैफ, नाना पाटेकर और अनिल कपूर स्टारर फिल्म ‘वेलकम’ में बल्लू के किरदार ने उन्हें खास पहचान दिलाई। फिल्म में उनका कॉमिक अंदाज और ‘मेरी एक टांग नकली है…’ वाला सीन दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ। यह किरदार आज भी फिल्म के यादगार कॉमेडी सीन्स में गिना जाता है।

‘आशिकी’ से ‘गदर’ तक, कई फिल्मों में किया काम

मुश्ताक खान ने हिंदी सिनेमा में कई दशकों तक काम किया। उन्होंने ‘आशिकी’, ‘हम हैं राही प्यार के’, ‘हेरा फेरी’, ‘जोड़ी नंबर 1’, ‘मुझसे शादी करोगी’, ‘वेलकम’, ‘राउडी राठौर’ और ‘गदर: एक प्रेम कथा’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया। इसके अलावा वह ‘गदर 2’, ‘स्त्री 2’ और कई अन्य फिल्मों में भी नजर आए। फिल्मों के अलावा उन्होंने टेलीविजन पर भी काम किया और ‘कुछ रंग प्यार के ऐसे भी’ जैसे लोकप्रिय शो का हिस्सा रहे।

1980 में शुरू हुआ था फिल्मी सफर

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुश्ताक खान ने 1980 में आई फिल्म ‘अल्बर्ट पिंटो को गुस्सा क्यों आता है’ से अपने फिल्मी सफर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने महेश भट्ट की फिल्मों समेत कई प्रोजेक्ट्स में काम किया और धीरे-धीरे हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई। मुश्ताक खान को खास तौर पर चरित्र और कॉमेडी भूमिकाओं के लिए याद किया जाता है। छोटे या सहायक किरदारों में भी उनकी कॉमिक टाइमिंग और संवाद अदायगी दर्शकों का ध्यान खींचती थी।

परिवार में पत्नी और दो बेटे

मुश्ताक खान का संबंध मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर से बताया जाता है। उनके परिवार में पत्नी सलमा खान और दो बेटे हैं। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकारों और सहयोगियों ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular