1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. मुंबई इंडियंस ने दूसरी बार जीता WPL खिताब, दिल्ली कैपिटल्स लगातार तीसरी बार मायूस
मुंबई इंडियंस ने दूसरी बार जीता WPL खिताब, दिल्ली कैपिटल्स लगातार तीसरी बार मायूस

मुंबई इंडियंस ने दूसरी बार जीता WPL खिताब, दिल्ली कैपिटल्स लगातार तीसरी बार मायूस

0
Social Share

मुंबई, 15 मार्च। कप्तान हरनमनप्रीत कौर का ठोस अर्धशतक (66 रन 44 गेंद, दो छक्के, नौ चौके) व नैट सीवर-ब्रंट का हरफनमौला प्रदर्शन (30 रन, 28 गेंद, चार चौके और 3-30) मुंबई इंडियंस के काम आया, जिसने शनिवार को यहां खेले गए रोमांचक फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को आठ रनों से हराकर तीन वर्षों में दूसरी बार महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2025 का खिताब जीत लिया।

हरमनप्रीत ने ठोका पचासा, नैट सीवर-ब्रंट का हरफनमौला खेल

ब्रेबोर्न स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य मुंबई इंडियंस ने खराब शुरुआत के बाद हरमनप्रीत व नैट सीवर-ब्रंट के बीच तीसरे विकेट के हुई 89 रनों की साझेदारी से 20 ओवरों में सात विकेट पर 149 रन बनाए थे।

दिल्ली कैपिटल्स की टीम 141 रनों तक जाकर ठहर गई

जवाब में मारिआन कैप (40 रन 26 गेंद, दो छक्के, पांच चौके) व निकी प्रसाद (नाबाद 25 रन, 23 गेंद, एक छक्का, एक चौका) के प्रयासों के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स की टीम नौ विकेट पर 141 रनों तक जाकर ठहर गई।

उल्लेखनीय है कि हरमनप्रीत की ही अगुआई में मुंबई इंडियंस ने वर्ष 2023 में पांच फ्रेंचाइजी टीमों के बीच आयोजित लीग के प्रथम संस्करण में चैम्पियन का गौरव अर्जित किया था। उस बार भी मुंबइया महिलाओं ने दिल्ली कैपिटल्स को ही मात दी थी। पिछली बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम दिल्ली कैपिटल्स को हरा चैम्पियन बनी। इस प्रकार दिल्ली को लगातार तीसरी बार फाइनल में मायूसी हाथ लगी।

हरमनप्रीत व सीवर-ब्रंट के बीच 89 रनों की साझेदारी

मुकाबले की बात करें तो मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब रही थी, जब मारिआन कैप (2-11) ने 14 रनों के भीतर दोनों ओपनरों – हेली मैथ्यूज (तीन रन) व यस्तिका भाटिया (आठ रन) को पैवेलियन लौटा दिया था। लेकिन इसके बाद नैट सीवर-ब्रंट व ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ कप्तान हरमनप्रीत ने जिम्मेदारी से खेलते हुए 62 गेंदों पर 89 रनों की साझेदारी से दल को 100 के पार पहुंचा दिया।

स्कोर कार्ड

हालांकि श्री चरनी (2-43) ने 15वें ओवर में नैट सीवर-ब्रंट को लौटाकर यह भागीदारी तोड़ी तो अन्य बल्लेबाज तेज स्कोरिंग में त्वरित अंतराल पर लौट गईं। मुंबई ने अंतिम 32 गेंदों पर 46 रनों की वृद्धि के बीच पांच विकेट गंवाए। जेस योनासेन ने भी 26 रन देकर दो विकेट लिए।

दिल्ली की आधी टीम 66 रनों पर लौट चुकी थी

जवाबी काररवाई में दिल्ली कैपिटल्स को 15 के योग पर पहला झटका लगा, जब सीवर ब्रंट ने आक्रामक नजर आ रहीं कप्तान मेग लेनिंग (13 रन, नौ गेंद, दो चौके) को दूसरे ओवर की अंतिम गेंद पर बोल्ड मार दिया। इसके बाद तो लगातार अंतराल पर विकेट गिरने लगे और जब 11वें ओवर में पांचवीं बल्लेबाज जेमिमा रॉड्रिग्स (30 रन, 21 गेंद, चार चौके) ने एमेलिया केर (2-25) को उन्हीं की गेंद पर कैच थमाया तो बोर्ड पर सिर्फ 66 रन थे।

सीवर-ब्रंट बनीं प्लेयर ऑफ द सीरीज

इसके बाद मारिआन कैप ने एक छोर थामा और 83 पर छठा विकेट गिरने के बाद उन्होंने निकी प्रसाद के साथ मिलकर 29 गेंदों पर 40 रन जोड़कर उम्मीदें जगाईं। लेकिन ब्रंट ने 18वें ओवर में लगातार गेंदों पर कैप सहित दो विकेट निकालकर दिल्ली को फिर संघर्ष के लिए बाध्य कर दिया। निकी नाबाद रहने के बावजूद मायूस लौटीं। ब्रंट को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ घोषित किया गया, जिन्होंने टूर्नामेंट में 523 रन बनाने के अलावा 12 विकेट निकाले।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code