1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल-19 : बारिश बाधित मैच में यशस्वी के सम्मुख मुंबई इंडियंस पस्त, लगातार तीसरी जीत से RR फिर शिखर पर
आईपीएल-19 : बारिश बाधित मैच में यशस्वी के सम्मुख मुंबई इंडियंस पस्त, लगातार तीसरी जीत से RR फिर शिखर पर

आईपीएल-19 : बारिश बाधित मैच में यशस्वी के सम्मुख मुंबई इंडियंस पस्त, लगातार तीसरी जीत से RR फिर शिखर पर

0
Social Share

गुवाहाटी, 7 अप्रैल। एक दिन पहले यदि कोलकाता की तेज बारिश ने टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) के मौजूदा सत्र में पहली बार कोई मैच (कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम पंजाब किंग्स) धुला था तो मंगलवार को यहां बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में भी कुछ वैसी ही परिस्थिति दिखाई दे रही थी। लेकिन वर्षा थमने के बाद निर्धारित से लगभग साढ़े तीन घंटे विलंब से ओवरों में कटौती वाला 11-11 ओवरों का मैच शुरू हुआ तो यशस्वी जायसवाल के बल्ले से तूफान बरसने लगा।

जायसवाल ने सिर्फ 32 गेंदों पर ठोक दिए नाबाद 77 रन

भदोही के इस 24 वर्षीय धुरंधर बल्लेबाज के लगातार दूसरे पराक्रमी अर्धशतक (नाबाद 77 रन, 32 गेंद, चार छक्के, 10 चौके) के बाद गेंदबाजों ने अपनी कसावट से बाकी का काम पूरा किया। बस फिर क्या था, राजस्थान रॉयल्स (RR) ने अपना अजेय क्रम जारी रखते हुए पांच बार के पूर्व चैम्पियन मुंबई इंडियंस (MI) को 27 रनों से शिकस्त दी और लगातार तीसरी जीत से अंक तालिका में एक बार फिर शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।

यशस्वी-वैभव की धुआंधार साझेदारी से टीम 11 ओवरों में 150 तक जा पहुंची

राजस्थान के दूसरे घरेलू मैदान पर पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित राजस्थान रॉयल्स ने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ यशस्वी व उनके किशोरवय सलामी जोड़ीदार वैभव सूर्यवंशी (39 रन, 14 गेंद, पांच छक्के, एक चौका) के बीच सिर्फ 30 गेंदों पर हुई धुआंधार 80 रनों की साझेदारी की मदद से 11 ओवरों में तीन विकेट पर 150 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।

बर्जर, बिश्नोई व संदीप के सामने मुंबइया टीम 123 तक पहुंच सकी

जवाबी काररवाई में लगभग 14 रन प्रति ओवर का कठिन लक्ष्य लेकर उतरे मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज विपक्षी गेंदबाजों का दबाव नहीं झेल सके और नांद्रे बर्जर (2-21), रवि बिश्नोई (2-25), संदीप शर्मा (2-26), जोफ्रा आर्चर (1-17) व तुषार देशपांडे (1-29) ने हार्दिक पंड्या एंड कम्पनी को नौ विकेट पर 123 रनों तक ही जाने दिया।

मुंबई इंडियंस की तीन मैचों में दूसरी पराजय

राजस्थान रॉयल्स के खाते में लगातार तीसरी जीत से अधिकतम छह अंक हो गए हैं। यह टीम पूर्व के दो मैचों में पांच बार के एक अन्य पूर्व विजेता चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और फिर गुजरात टाइटंस (GT) को हरा चुकी है। वहीं मुंबई इंडियंस की तीन मैचों में यह लगातार दूसरी पराजय थी। उसने अपने पहले मैच में घरेलू मैदान पर केकेआर के हराया था, लेकिन फिर राष्ट्रीय राजधानी में उसे दिल्ली कैपिटल्स के हाथों मात खानी पड़ी थी।

46 रनों पर मुंबई के शीर्ष 5 बल्लेबाज लौट चुके थे

मुंबई टीम की बल्लेबाजी देखें तो गहरे दवाब में शुरुआती पांच ओवरों में 46 रनों के भीतर पांच शीर्ष बल्लेबाज लौट चुके थे और इनमें सिर्फ तिलक वर्मा (14 रन, 10 गेंद, दो चौके) ही दहाई में पहुंच सके थे जबकि रियान रिकेल्टन (आठ रन), रोहित शर्मा (पांच रन), सूर्यकुमार यादव (छह रन) व कप्तान हार्दिक (नौ रन) ने मायूस किया।

नमन धीर व रदरफोर्ट ने 17 गेंदों पर जोड़े 47 रन

अंततः नमन धीर (25 रन, 13 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) व शेर्फेन रदरफोर्ड (25 रन, आठ गेंद, दो छक्के, दो चौके) ने 17 गेंदों पर 47 रनों की भागीदारी से उम्मीद जगाई, लेकिन देशपांडे ने रदरफोर्ड को लौटाने के साथ भागीदारी तोड़ी तो फिर लाइन लग गई।

3.2 ओवरों के पावरप्ले में यशस्वी व वैभव ने उड़ा दिए 59 रन

इसके पूर्व राजस्थानी ओपनर यशस्वी व उनके 15 वर्षीय सहयोगी वैभव ने उतरते ही ताबड़तोड़ प्रहार शुरू कर दिए। इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि ओवरों की कटौती के चलते 3.2 ओवरों के पुनर्निधारित पावरप्ले में 59 रन आ चुके थे।

यशस्वी ने 23 गेंदों पर पूरा किया अर्धशतक

सिर्फ दो ओवरों में 36 रन खर्च कर देने वाले शार्दुल ठाकुर ने पांचवें ओवर की अंतिम गेंद पर वैभव को लौटाया तो ध्रुव जुरेल (दो रन) भी अगले ही ओवर में एएम गजनफर (2-21) के शिकार बन गए। लेकिन पराग (20 रन, 10 गेंद, दो छक्के, एक चौका) ने तेज हाथ दिखाते हुए यशस्वी का साथ दिया। इस क्रम में यशस्वी ने पंड्या पर चौका जड़ने के साथ 23 गेंदों पर पचासा पूरा किया और 7.3 ओवरों में टीम के 100 रन बन गए।

स्कोर कार्ड

गजनफर ने नौवें ओवर में पराग को आउट किया तो बोर्ड पर 121 रन टंग चुके थे। उधर शिमरॉन हेटमायर (नाबाद छह रन) की मौजूदगी में यशस्वी ने प्रहार जारी रखा और तीन वाइड सहित नौ गेंदों के 11वें व अंतिम ओवर में चार चौकों सहित 18 रन तोड़कर टीम को 150 तक पहुंचा दिया, जिसके दबाव से मुंबइया टीम उबर नहीं सकी।

बुधवार का मैच : दिल्ली कैपिटल्स बनाम गुजरात टाइटंस (नई दिल्ली, शाम 7.30 बजे)।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code