अफगानिस्तान में भूकंप के कई झटके : 15 लोगों की मौत, 40 घायल

इस्लामाबाद, 7 अक्टूबर। पश्चिमी अफगानिस्तान में शनिवार को भूकंप के कई झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इन भूकंपों की अधिकतम तीव्रता 6.3 तीव्रता मापी गई। दो भूकंपों में कम से कम 15 लोग मारे गए और करीब 40 लोग घायल हो गए। समाचार एजेंसियों ने अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी।

रिक्टर स्केल पर तीव्रता रही 6.3 

हेरात शहर के निवासी अब्दुल शकोर समदी ने बताया कि दोपहर के आसपास शहर में कम से कम पांच शक्तिशाली भूकंप आए। ‘यू एस जियोलॉजिकल सर्वे’ ने बताया कि पश्चिमी अफगानिस्तान में 6.3 तीव्रता के दो भूकंप आए। भूकंप का केंद्र हेरात शहर से 40 किलोमीटर (24.8 मील) उत्तर-पश्चिम में था। बाद में भी 5.5 तीव्रता का झटका आया।

यूएसजीएस वेबसाइट पर पोस्ट किया गया एक नक्शा इस क्षेत्र में सात भूकंपों का संकेत देता है। समदी ने कहा, ‘लोग अपने घरों से बाहर निकल गए हैं। घर, कार्यालय और दुकानें सभी खाली हैं। आगे और झटके आने की आशंका है। मैं और मेरा परिवार अपने घर के अंदर थे। हमें भूकंप का झटका महसूस हुआ।’

फराह और बदघिस प्रांतों में भी महसूस किए गए झटके

संभावित हताहतों या नुकसान पर तालिबान सरकार के अधिकारियों ने अभी कोई टिप्पणी नहीं की है। टेलीफोन कनेक्शन बंद हैं, जिससे प्रभावित क्षेत्रों से सटीक विवरण प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में हेरात शहर में सैकड़ों लोग अपने घरों और कार्यालयों के बाहर सड़कों पर दिखाई दे रहे हैं। हेरात प्रांत की सीमा ईरान से लगती है। स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार, भूकंप के झटके आसपास के फराह और बदघिस प्रांतों में भी महसूस किए गए।

जून, 2022 में आए भूकंप में 1,000 लोग मारे गए थे

इसके पूर्व जून, 2022 में भी पूर्वी अफगानिस्तान में शक्तिशाली भूकंप आया था, जिसमें कई मकान जमींदोज हो गए। यह भूकंप अफगानिस्तान में दो दशकों में सबसे भीषण था, जिसमें कम से कम 1,000 लोग मारे गए थे और लगभग 1,500 लोग घायल हो गए थे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular