भोपाल, 14 सितंबर। मध्य प्रदेश में पुलिस प्रशासन को लेकर बड़ा फेरबदल किया गया है। राज्य के गृह विभाग ने रविवार को 10 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों और 127 राज्य पुलिस सेवा अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए। नई पदस्थापनाएं अगले आदेश तक प्रभावी रहेंगी। तबादला सूची में 2023 बैच के चार और 2024 बैच के छह IPS अधिकारी शामिल हैं।
मनीष भारद्वाज बने इंदौर कोतवाली ACP
जारी आदेश के मुताबिक मनीष भारद्वाज को इंदौर शहर में कोतवाली सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह भोपाल स्थित साइबर पुलिस मुख्यालय में उप पुलिस अधीक्षक (DSP) के पद पर कार्यरत थे। वहीं आलोक कुमार वर्मा को रीवा शहर का सिटी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (CSP) बनाया गया है। इससे पहले वह देवास में सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) के पद पर तैनात थे।
इन अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
वैभव प्रिया का रतलाम से तबादला कर बुरहानपुर जिले के नेपानगर SDOP की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं शुभम सिंह ठाकुर को जबलपुर से स्थानांतरित कर नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा SDOP के पद पर नियुक्त किया गया है। मनोज कुमार को ग्वालियर से स्थानांतरित कर भोपाल शहर के एमपी नगर ACP की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा लेखराज मीणा को छतरपुर से रतलाम जिले के सैलाना SDOP, काजल सिंह को उज्जैन से सागर जिले के खुरई SDOP और राजीव अग्रवाल को रीवा से धार जिले के कुक्षी SDOP के पद पर पदस्थ किया गया है।
दीपांशु और अमित कुमार का भी तबादला
तबादला आदेश के अनुसार दीपांशु को सागर से स्थानांतरित कर धार जिले के मनावर SDOP की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अमित कुमार का खंडवा से तबादला कर उन्हें सिंगरौली SDOP बनाया गया है।
127 राज्य पुलिस सेवा अधिकारियों के भी तबादले
IPS अधिकारियों के अलावा 127 राज्य पुलिस सेवा अधिकारियों का भी तबादला किया गया है। इनमें उप पुलिस अधीक्षक (DSP) रैंक और समकक्ष अधिकारी शामिल हैं। इन अधिकारियों को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में DSP, SDOP, CSP, ACP और सहायक कमांडेंट जैसे पदों पर नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
कानून-व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
अधिकारियों के अनुसार, पुलिस विभाग में किया गया यह फेरबदल नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है। इसका उद्देश्य प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना और पुलिस प्रशासन के कामकाज को अधिक प्रभावी बनाना है। तबादला किए गए सभी अधिकारियों को जल्द से जल्द अपने नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।


