भारत में कोरोना संकट : लगातार दूसरे दिन नए संक्रमितों की संख्या 15 हजार से ज्यादा

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर। कोविड-19 महामारी के सिकुड़ते दायरे के बीच देश में लगातार दूसरे दिन 15 हजार से ज्यादा 15,786 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई। हालांकि बुधवार के मुकाबले गुरुवार को यह संख्या कम रही। इस दौरान 18,641 रोगी स्वस्थ हुए तो 231 मरीजों की मौत हुई। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

इलाजरत मरीजों की संख्या लगभग 1.76 लाख, 232 दिनों में सबसे कम

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में इस जानलेवा बीमारी से स्वस्थ होने वालों की वर्तमान दर 98.16% है, जो  मार्च, 2020 के बाद से अपने उच्चतम स्तर पर है। अब तक 3.35 करोड़ से ज्यादा लोग स्वस्थ घोषित किए जा चुके हैं। सक्रिय मामलों की दर मार्च, 2020 के बाद से अपने न्यूनतम स्तर यानी 0.51 प्रतिशत पर है। 24 घंटे के दौरान 3,086 की कमी के बाद गुरुवार तक देश में कोविड रोगियों की संख्या 1,75,745 थी, जो  बीते 232 दिनों में सबसे कम है।

मौजूदा साप्ताहिक पॉजिटिविटी दर 1.31 फीसदी है, जो पिछले 119 दिनों से तीन प्रतिशत से कम बनी हुई है। इसी प्रकार दैनिक पॉजिटिविटी दर 1.19 प्रतिशत है,  पिछले पिछले 53 दिनों से तीन फीसदी से नीचे बनी हुई है।

279 दिनों में 100.59 करोड़ से अधिक लोगों का टीकाकरण

इस बीच राष्‍ट्रव्‍यापी टीकाकरण अभियान के तहत 279 दिनों में अब तक 100.59 करोड़ से अधिक कोविड टीके लगाये जा चुके हैं। गुरुवार को 61.27 लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण हुआ, जिसके बीच टीकाकरण का आंकड़ा एक अरब के पार पहुंचा था। दूसरी तरफ 21 अक्टूबर को 13.24 लाख से ज्यादा लोगों के कोविड नमूनों की जांच की गई। इसके साथ ही देश में अब तक 59.70 करोड़ से अधिक लोगों की कोविड जांच की जा चुकी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी 21 अक्टूबर, 2021 के कोविड आंकड़ों पर एक नजर –

24 घंटे के दौरान नए संक्रमित : 15,786

24 घंटे के दौरान स्वस्थ मरीज : 18,641

24 घंटे के दौरान कुल मौतें : 231

अब तक कुल संक्रमित : 3,41,43,236

अब तक कुल स्वस्थ : 3,35,14,449

रिकवरी दर : 98.16%

अब तक कुल मौतें : 4,53,042

मृत्यु दर : 1.33%

इलाजरत मरीज : 1,75,745 (दैनिक गिरावट 3,086)        

सक्रियता दर : 0.51%

24 घंटे के दौरान टीकाकरण : 61,27,277

279 दिनों में कुल टीकाकरण  : 1,00,59,04,580

24 घंटे के दौरान सैम्पल की जांच : 13,24,263

अब तक कुल सैम्पल की जांच : 59,70,66,481.

RELATED ARTICLES

Most Popular