1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. Monsoon Update: गुजरात से यूपी तक मानसून का कहर, कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात; भारी बारिश का रेड अलर्ट
Monsoon Update: गुजरात से यूपी तक मानसून का कहर, कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात; भारी बारिश का रेड अलर्ट

Monsoon Update: गुजरात से यूपी तक मानसून का कहर, कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात; भारी बारिश का रेड अलर्ट

0
Social Share

नई दिल्ली। देशभर में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और कई राज्यों में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार समेत कई राज्यों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हैं, नदियां उफान पर हैं और प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने पड़े हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 5 जुलाई तक मानसून पूरे देश को कवर कर सकता है, जबकि कई राज्यों में अगले 24 घंटे बेहद अहम रहने वाले हैं।

गुजरात में बाढ़ जैसे हालात, 19 लोगों का रेस्क्यू

गुजरात के जूनागढ़ और राजकोट जिलों में लगातार बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। जूनागढ़ के मेंडरडा क्षेत्र स्थित समधियाला गांव के पास अचानक आई बाढ़ में एक फोर-व्हीलर, एक ऑटो-रिक्शा और एक ईको समेत चार वाहन फंस गए। प्रशासन और बचाव दल ने समय रहते कार्रवाई करते हुए सभी 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, राजकोट के ध्रोल इलाके में सड़कों पर पानी भर जाने से यातायात प्रभावित हो गया है।

महाराष्ट्र में बारिश का असर, पालघर में स्कूल-कॉलेज बंद

महाराष्ट्र के पालघर जिले में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए एहतियातन स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। मुंबई से सटे नालासोपारा रेलवे स्टेशन के बाहर घुटनों तक पानी भर जाने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को जलभराव के बीच होकर स्टेशन तक पहुंचना पड़ रहा है।

जयपुर के SMS अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में घुसा पानी

राजस्थान की राजधानी जयपुर में मूसलाधार बारिश के कारण प्रदेश के सबसे बड़े सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल के माइनर ऑपरेशन थिएटर में पानी भर गया। स्थिति गंभीर होने पर अस्पताल प्रशासन ने तत्काल मरीजों को सुरक्षित वार्डों में स्थानांतरित किया। घटना ने बारिश के दौरान अस्पतालों की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मध्य प्रदेश में उफान पर नदियां, 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में भोपाल, इंदौर सहित 26 से अधिक जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। उज्जैन में उफनती पुलिया पार करने की कोशिश कर रहा एक युवक अपनी मोटरसाइकिल समेत तेज बहाव में बह गया। शिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे स्थित कई मंदिर जलमग्न हो गए हैं। वहीं, डिंडौरी में पुल पार करते समय एक कार नदी के तेज बहाव में बह गई। मौसम विभाग ने इंदौर, उज्जैन सहित 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि बड़वानी और खंडवा में रेड अलर्ट के साथ अगले 24 घंटों में 8 इंच तक बारिश की संभावना जताई गई है।

उत्तर प्रदेश में रिकॉर्ड बारिश, 28 जिलों में अलर्ट

उत्तर प्रदेश में भी मानसून का असर लगातार बढ़ रहा है। कानपुर में 3 जुलाई को 108 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो पिछले 15 वर्षों का रिकॉर्ड बताया जा रहा है। भारी बारिश के कारण GSVM मेडिकल कॉलेज परिसर में जलभराव हो गया, जिससे कई वाहन पानी में डूब गए। मथुरा में रेलवे अंडरपास गर्दन तक पानी में डूब गए हैं, जिसके चलते आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है। वहीं झांसी में खेत में काम कर रहे एक किसान की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। मौसम विभाग ने आज भी उत्तर प्रदेश के 28 जिलों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग की सलाह

भारतीय मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code