बिहार विधानमंडल का मॉनसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, भाजपा सदस्यों ने अंतिम दिन भी नहीं चलने दी सदन की कार्यवाही

पटना, 14 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नाराज विधायकों-विधान पार्षदों ने बिहार विधानमंडल के मॉनसून सत्र के अंतिम दिन भी सदन की कार्यवाही नहीं चलते दी, जिसके बाद सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। विधानसभा में विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी और विधान परिषद में सभापति देवेश चंद्र ठाकुर ने इसकी घोषणा की।

दरअसल, गुरुवार को पटना में भाजपा के विधानसभा मार्च के दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज और उस दौरान पार्टी नेता विजय सिंह की मौत के विरोध में भाजपा ने आज जमकर हंगामा किया। यही वजह थी कि दोनों सदनों में भाजपा सदस्यों के हंगामे के कारण कार्यवाही सुचारु ढंग से नहीं चल सकी।

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा विधायकों ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। विधायक संजय सिंह टेबल पर चढ़ गए। विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी ने जोरदार हंगामा कर रहे भाजपा विधायकों को पहले अपनी जगह पर जाने को कहा। बावजूद इसके सदन में हंगामा होता देख विधानसभा अध्यक्ष ने मार्शलों को आसन के समक्ष आकर हंगामा कर रहे विधायक संजय सिंह को बाहर करने का आदेश दिया। मार्शलों ने तुरंत संजय सिंह को उठाकर सदन से बाहर निकाल दिया।

विपक्ष के हंगामे को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने महज चार मिनट में सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी। भोजनावकाश के बाद विपक्ष की अनुपस्थिति में विधायी कार्य निबटाने के बाद सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल तक के लिए स्थगित कर दी गई।

उधर, बिहार विधान परिषद में भी विधान पार्षदों ने सदन में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने हो गए। सदन की कार्यवाही जैसे ही शुरू हुई, भाजपा सदस्यों ने पुलिसिया लाठीचार्ज के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। ब्लैक डे मना रहे भाजपा सदस्य वेल में पहुंच गए और नीतीश सरकार हाय-हाय के नारे लगाने लगे।

हंगामे को देखते हुए सभापति ने सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी, जिसके बाद भाजपा के सदस्य सदन से वॉक आउट कर गए और आज की कार्यवाही का बहिष्कार कर दिया। सत्ता पक्ष की तरफ से नीरज कुमार ने कहा कि गुरुवार को जो लाठीचार्ज हुआ, इसके लिए भाजपा जिम्मेदार है। भाजपा के लोग प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसे, इसलिए लाठीचार्ज किया गया।

भाजपा विधायकों-विधान पार्षदों का सदन के बाहर मौन प्रदर्शन

इधर, सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भाजपा के विधायकों-विधान पार्षदों ने सदन के बाहर मौन प्रदर्शन किया। उन्होंने मुंह पर काली पट्टी बांध रखी थी और उनके हाथों में सरकार विरोधी तख्तियां नजर आईं। पार्टी का दावा है कि कल प्रदर्शन के दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज में उनके जहानाबाद के जिला महामंत्री विजय कुमार सिंह की मौत हो गई, जिसके विरोध में काला दिवस मनाया गया।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular