Homeहिन्दीराजनीतिमोहन यादव ने ली मध्य प्रदेश के सीएम पद की शपथ, देवड़ा-शुक्ला...

मोहन यादव ने ली मध्य प्रदेश के सीएम पद की शपथ, देवड़ा-शुक्ला बने डिप्टी सीएम

भोपाल, 13 दिसम्बर। मध्य प्रदेश के नए औ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को पूर्वाह्न अपने दो उप मुख्यमंत्रियों – जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला के साथ शपथ ले ली। परेड ग्राउंड पर आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल मंगूभाई सी. पटेल ने तीनों नेताओं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया, भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई के प्रमुख विष्णु दत्त शर्मा, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत अन्य दिग्गज नेता मौजूद रहे।

शपथ ग्रहण के पहले क्या बोले मुख्‍यमंत्री मोहन यादव

शपथ ग्रहण समारोह से पहले डॉ. मोहन यादव ने बड़ा बयान देते हुए कहा, ‘आज मध्य प्रदेश के लिए ऐतिहासिक दिन है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के विकास में अहम योगदान दिया है। उनके विकास कार्यों को और आगे ले जाना मेरी प्राथमिकता होगी।’

शिवराज ने किया पौधरोपण, बोले – मित्रों, अब विदा

इधर शिवराज सिंह चौहान ने आज पौधरोपण किया, जैसा कि वह पिछले कई वर्षों से करते आए हैं। उन्होंने कहा, ‘नए मुख्यमंत्री जी को बधाई। प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का स्वागत है। आज प्रदेश के विकास, समृद्धि और कल्याण का पौधा लगाया है। मित्रों, अब विदा जस की तस धर दीनी चदरिया।’

छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय लेंगे सीएम पद की शपथ

छत्तीसगढ़ में भी आज ही शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया है। शाम को छत्तीसगढ़ में नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का शपथ ग्रहण होगा। इस दौरान पीएम मोदी समेत अन्य नेता उपस्थित रहेंगे।

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव 2023 में पांच राज्यों के चुनाव में मिजोरम और तेलंगाना छोड़ भाजपा ने छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश व राजस्थान में जीत हासिल की। उधर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा 15 दिसम्बर को शपथ लेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments