नई दिल्ली, 10 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में अहमदाबाद मेट्रो रेल परियोजना के फेज-2A को स्वीकृति प्रदान कर दी गई। इस परियोजना के तहत कोटेश्वर रोड से एयरपोर्ट तक 6.032 किलोमीटर लंबा मेट्रो कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, जिसमें कुल पांच स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें चार एलिवेटेड और एक भूमिगत स्टेशन शामिल होगा।
6.032 किलोमीटर लंबे नए कॉरिडोर में कुल एक भूमिगत सहित 5 स्टेशन
परियोजना के पूरा होने के बाद अहमदाबाद-गांधीनगर में सक्रिय मेट्रो नेटवर्क की कुल लंबाई बढ़कर 77.63 किलोमीटर हो जाएगी। नए कॉरिडोर के प्रस्तावित स्टेशनों में आश्रम रोड, कोटेश्वर प्राचीन मंदिर, साबरमती रिवर, सरदार नगर और एयरपोर्ट शामिल हैं। सरकार के अनुसार, परियोजना की कुल लागत 2,169.04 करोड़ रुपये होगी, जिसमें निर्माण अवधि के दौरान ब्याज (IDC) भी शामिल है।
एयरपोर्ट और प्रमुख क्षेत्रों को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
मेट्रो फेज-2A का उद्देश्य शहर में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करना और एयरपोर्ट तक निर्बाध मेट्रो कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है। यह कॉरिडोर उन आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों को भी जोड़ेगा, जहां अभी तक बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।
कैबिनेट ने अहमदाबाद मेट्रो रेल परियोजना के चरण 2ए (कोटेश्वर मार्ग से एयरपोर्ट गलियारे) को स्वीकृति दी
🔹इस गलियारे की लंबाई 6.032 किलोमीटर है और इसमें 5 स्टेशन (4 एलिवेटेड और 1 अंडरग्राउंड) शामिल हैं
🔹चरण 2(ए) के कार्यान्वित होने पर अहमदाबाद-गांधीनगर गलियारे में 77.63… pic.twitter.com/os5G94uYof
— पीआईबी हिंदी (@PIBHindi) June 10, 2026
यह नया कॉरिडोर मौजूदा अहमदाबाद-गांधीनगर मेट्रो नेटवर्क के साथ एकीकृत होगा। साथ ही, वर्ष 2029 के वर्ल्ड पुलिस गेम्स और 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स को देखते हुए आसपास विकसित होने वाली खेल सुविधाओं को भी इससे लाभ मिलने की संभावना है।
ट्रैफिक जाम में कमी और पर्यावरण को फायदा
केंद्र सरकार का कहना है कि एयरपोर्ट तक मेट्रो पहुंचने से सड़क यातायात पर दबाव कम होगा, जिससे यात्रा समय घटेगा और सड़क सुरक्षा में सुधार होगा। इसके अलावा, मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से जीवाश्म ईंधन आधारित परिवहन पर निर्भरता कम होगी और कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अहमदाबाद मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के फेज 2A (कोटेश्वर रोड से एयरपोर्ट कॉरिडोर) को मंज़ूरी दी है। परियोजना की कुल लागत (निर्माण अवधि के ब्याज सहित) ₹2,169.04 करोड़ है। अहमदाबाद मेट्रो रेल परियोजना का फेज-2A शहर के बुनियादी ढांचे के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम… pic.twitter.com/IJUWXmuBY0
— पीआईबी हिंदी (@PIBHindi) June 10, 2026
आर्थिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
परियोजना से एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस डिपो जैसे प्रमुख परिवहन केंद्रों तक पहुंच आसान होगी। इससे लोगों का समय बचेगा और उत्पादकता बढ़ेगी। मेट्रो स्टेशनों के आसपास व्यावसायिक गतिविधियों में वृद्धि होने और नए निवेश आकर्षित होने की भी उम्मीद है।
रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे
परियोजना के निर्माण के दौरान लगभग 2,000 लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है। वहीं, संचालन और रखरखाव के दौरान करीब 500 लोगों को रोजगार मिलेगा। सरकार के अनुसार, यह परियोजना अहमदाबाद के शहरी विकास, सतत परिवहन और बेहतर जीवन गुणवत्ता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।


