एशियाई एथलेटिक्स : मिश्रित रिले टीम ने खिताब बचाया, भारतीयों ने दूसरे दिन चार रजत व एक कांस्य पदक भी जीते
गुमी (दक्षिण कोरिया), 28 मई। भारत की चार गुणा 400 मीटर मिश्रित रिले टीम ने यहां 26वीं एशियाई एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के दूसरे दिन बुधवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना खिताब बरकरार रखा जबकि अन्य एथलीटों ने चार रजत व एक कांस्य पदक पर अधिकार किया।
पहले दिन गुलवीर सिंह ने 10 हजार मी. दौड़ में जीता था स्वर्ण
इसके साथ ही भारतीय दल ने दूसरे दिन की स्पर्धाओं के बाद अपने पदकों की संख्या को आठ तक पहुंचा दी है। गौरतलब है कि पहले दिन मंगलवार को गुलवीर सिंह ने 10,000 मीटर दौड़ में भारत को स्वर्ण पदक दिलाया था। गुलवीर के अलावा सर्विन सबेस्टियन ने भी 20 किमी पैदल चाल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था।

रूपल, संतोष, विशाल और सुभा के चौगड्डे ने लहराया परचम
रूपल चौधरी, संतोष कुमार, विशाल टीके और सुभा वेंकटेशन की भारतीय चौकड़ी ने तीन मिनट 18.12 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। रूपल ने बुधवार को ही व्यक्तिगत महिला 400 मीटर स्पर्धा में रजत पदक भी जीता।
सुभा 2023 में स्वर्ण पदक जीतने वाली मिश्रित टीम की भी सदस्य थीं। चीन की टीम तीन मिनट 20.52 सेकेंड का समय लेकर दूसरे स्थान पर रहीं जबकि श्रीलंका ने तीन मिनट 21.95 सेकेंड के समय से कांस्य पदक जीता।
डेकाथलीट तेजस्विन शंकर ने जीता रजत पदक
इस बीच अधिकतर समय अमेरिका में रहने वाले तेजस्विन शंकर भारत के लिए रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहे। तेजस्विन ने 10 स्पर्धाओं की डेकाथलन प्रतियोगिता में 7618 के स्कोर से दूसरा स्थान हासिल किया। वह चीन के फेई शियांग (7634) से पीछे और जापान के केइसुके ओकुडा (7602) से आगे रहे।
— SAI Media (@Media_SAI) May 28, 2025
पुरुष त्रिकूद में प्रवीण चित्रावेल दूसरे स्थान पर रहे
प्रवीण चित्रावेल ने पुरुष त्रिकूद में 16.90 मीटर के प्रयास से रजत पदक जीता। इससे पहले रूपल चौधरी (400 मीटर) और पूजा (1500 मीटर) ने रजत पदक जीते जबकि यूनुस शाह ने पुरुष 1500 मीटर में कांस्य पदक अपने नाम किया।
रूपल ने 400 मी. दौड़ में भारत को दिन का पहला पदक दिलाया
रूपल की बात करें तो उन्होंने महिलाओं की 400 मीटर फाइनल में 52.68 सेकेंड का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया और भारत के लिए दिन का पहला पदक जीता। इसी स्पर्धा में हमवतन विथ्या रामराज 53.00 सेकेंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहीं। जापान की नानाको मात्सुमोतो (52.17 सेकेंड) ने स्वर्ण जबकि उज्बेकिस्तान की जोनबीबी हुकमोवा (52.79 सेकेंड) ने कांस्य पदक जीता।
रूपल ने 2022 में विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय एथलीट बनकर इतिहास रच दिया था। उन्होंने तब चार गुणा 400 मीटर रिले में रजत और महिलाओं की 400 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था।
महिलाओं की 1500 मीटर दौड़ में दूसरे स्थान पर रहीं पूजा
पूजा ने महिलाओं की 1500 मीटर स्पर्धा में चार मिनट 10.83 सेकेंड के समय के साथ भारत को दूसरा रजत पदक दिलाया। भारत की ही लिली दास चार मिनट 13.81 सेकेंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रहते हुए पदक से चूक गईं। चीन की ली चुनहुई ने चार मिनट 10.58 सेकेंड के समय से स्वर्ण पदक जीता जबकि जापान की तोमाका किमुरा ने सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चार मिनट 11.56 सेकेंड के समय से कांस्य पदक अपने नाम किया।
पुरुषों की 1500 मीटर में यूनुस ने जीता कांस्य
यूनुस शाह ने पुरुषों की 1500 मीटर स्पर्धा में तीन मिनट 43.03 सेकेंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया। जापान के काजुतो लिजावा ने तीन मिनट 42.56 सेकेंड के निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से स्वर्ण पदक जीता जबकि दक्षिण कोरिया के जेयुंग ली (तीन मिनट 42.79 सेकेंड) ने दूसरा स्थान हासिल किया। भारत के ही विशाल थेनारासु कयालविझी 45.57 सेकेंड के निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के बावजूद चौथे स्थान पर रहते हुए पदक से चूक गए।
शैली सिंह व ऐंसी सोजन लंबी कूद के फाइनल में
लंबी कूद में शैली सिंह और ऐंसी सोजन ने महिला वर्ग के फाइनल में जगह बनाई। शैली 6.17 मीटर के प्रयास से 20 खिलाड़ियों के बीच तीसरे स्थान पर रहीं। ऐंसी ने 6.14 मीटर के प्रयास से फाइनल में जगह सुनिश्चित की। बाधा दौड़ में ज्योति याराजी ने अपनी हीट (शुरुआती दौर की रेस) में 13.18 सेकेंड का समय लेकर तीसरे स्थान पर रहते हुए अगले दौर में जगह बनाई।
