कांग्रेस अध्यक्ष चुने जाने के बाद खड़गे का केंद्र सरकार पर हमला – ‘हमें फासीवादी ताकतों के खिलाफ लड़ना होगा’

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर। कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। पार्टी मुख्यालय में आहूत प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि दिल्ली की सत्ता में बैठी सरकार केवल बड़ी बातें करती है। खोखला चना, बाजे घना। देश को तानाशाही की भेंट नहीं चढ़ाया जा सकता। सबको सड़क से संसद तक लड़ना होगा।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ‘आज महंगाई आसमान पर है। सरकार द्वारा देश में नफरत फैलाई जा रही है। इसके खिलाफ राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं। देश उनके संघर्ष के साथ है। उन्होंने मुझसे बात कर बधाई दी और कहा कि मैं कांग्रेस के सिपाही के तौर पर काम करता रहूंगा।’ उन्होंने यह भी कहा, ‘कांग्रेस में सब बराबर हैं। हम सभी को पार्टी के कार्यकर्ताओं की तरह काम करना है, पार्टी में कोई भी बड़ा या छोटा नहीं होता है। हमें उन फासीवादी ताकतों के खिलाफ मिलकर लड़ना होगा, जो लोकतंत्र और संविधान पर हमला कर रही हैं।’

गरीब परिवार में जन्में एक कार्यकर्ता को अध्यक्ष बनाया, इसके लिए शुक्रगुजार हूं

खड़गे ने कहा, ‘गरीब परिवार में जन्में एक कार्यकर्ता को कांग्रेस अध्यक्ष बनाया है, इसके लिए मैं शुक्रगुजार हूं। मैं सभी पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से सोनिया गांधी को धन्यवाद देना चाहता हूं। उनके नेतृत्व में हमने केंद्र में दो बार अपनी सरकार बनाई। आजादी के 75 सालों में कांग्रेस ने इस देश के लोकतंत्र को मजबूत किया और संविधान की रक्षा की है। आज लोकतंत्र खतरे में हैं और संविधान पर हमले हो रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस ने आंतरिक चुनाव लोकतंत्र को मजबूत किया है।’

खड़गे ने कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में उनके प्रतिद्वंदी रहे शशि थरूर को भी बधाई देते हुए कहा, ‘मैं अपने साथी शशि थरूर को बधाई देना चाहता हूं। मैं उनसे मिला और चर्चा की है कि पार्टी को कैसे आगे बढ़ाया जाए।’

RELATED ARTICLES

Most Popular